मथुरा में यम द्वितीया पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों भाई-बहनों ने यमुना में लगाई पवित्र डुबकी

मथुरा, 11 नवंबर . धर्मनगरी मथुरा में यम द्वितीया (भाई दूज) का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. इस पावन अवसर पर सुबह से ही यमुना के प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है. ऐतिहासिक विश्राम घाट सहित विभिन्न घाटों पर हजारों की संख्या में भाई-बहनों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर मां यमुना के पवित्र जल में स्नान किया और सुख-समृद्धि तथा लंबी उम्र की कामना की. पूरे घाट क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है. श्रद्धालुओं के जय यमुना मैया के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया.

जानकारी के अनुसार सुबह से ही विश्राम घाट पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है. भाई-बहन एक-दूसरे का हाथ पकड़कर यमुना में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं. स्नान के बाद बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की कामना कर रही हैं. इसके बाद श्रद्धालुओं ने यमुना और धर्मराज यमराज के मंदिर में दर्शन-पूजन किया. कई श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर दीपदान भी किया.

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा और साफ-सफाई के विशेष इंतजाम किए हैं. यमुना में स्नान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गोताखोरों की तैनाती की गई है. साथ ही नदी में बैरिकेडिंग कराई गई है, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही स्नान कर सकें. Police और प्रशासनिक अधिकारी भी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं.

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश और गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है. इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सहायता के लिए खोया-पाया केंद्र बनाया गया है. घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है. प्रशासन के अधिकारी नाव से विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी न हो. प्रशासन ने लोगों से कहा है कि किसी लावारिस वस्तु को न छुएं और इसकी सूचना तुरंत Police को दें.

हिंदू धर्म में यम द्वितीया का विशेष धार्मिक और पौराणिक महत्व है. मान्यता है कि यमुना यमराज की बहन हैं. पौराणिक कथा के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अपनी बहन यमुना के निमंत्रण पर उनके घर आए थे. यमुना ने उनका आदर-सत्कार किया और प्रेमपूर्वक भोजन कराया. बहन के स्नेह और आतिथ्य से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने को कहा. इस पर यमुना ने वरदान मांगा कि इस दिन जो भाई-बहन एक साथ उनके जल में स्नान करेंगे, उन्हें यमलोक की यातनाओं से मुक्ति मिलेगी और अक्षय पुण्य की प्राप्ति होगी. तभी से इस दिन यमुना स्नान की परंपरा चली आ रही है.

–

एएस