
New Delhi, 20 अक्टूबर . मणिपुर के कांगपोकपी जिले में कुकी-जो समुदाय से जुड़े संगठन कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (सीओटीयू) ने 24 घंटे के पूर्ण बंद का ऐलान किया है. संगठन के अनुसार, बंद 20 अक्टूबर की आधी रात से 21 अक्टूबर की आधी रात तक लागू रहेगा. इस दौरान आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और जीवनरक्षक आपात स्थितियों को छूट दी गई है.
सीओटीयू के सूचना एवं प्रचार प्रभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कुकी-जो समुदाय के लोगों को लगातार जानमाल के नुकसान, घरों के विनाश, जबरन विस्थापन और असुरक्षा जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. संगठन ने कहा कि समुदाय के लोगों की कठिनाइयों के बावजूद न्याय सुनिश्चित करने, सुरक्षा बहाल करने और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए हैं.
बयान में तीन मैतेई नागरिकों की हत्या के मामले में कुकी-जो समुदाय के लोगों की कथित तौर पर अंधाधुंध गिरफ्तारी पर भी चिंता जताई गई है. संगठन का कहना है कि निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच के जरिए उनकी संलिप्तता स्थापित किए बिना इस तरह की गिरफ्तारियां चिंताजनक हैं.
इसके अलावा, सीओटीयू ने एनएससीएन-आईएम द्वारा पाओलेनमुंग थांगेओ की हत्या का भी उल्लेख किया और कहा कि इस घटना ने समुदाय के लोगों के बीच दर्द और असुरक्षा को और बढ़ा दिया है.
संगठन ने अपने बयान में नुकसान के आंकड़े देते हुए दावा किया कि हिंसा में कुकी-जो समुदाय के 32 लोगों की जान गई, 30 गांव जला दिए गए, 271 मकान नष्ट हुए और 2,516 लोग जबरन विस्थापित हुए. सीओटीयू ने कहा कि ये आंकड़े उन परिवारों और समुदायों की पीड़ा को दर्शाते हैं, जो अब भी अपने जीवन को दोबारा पटरी पर लाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं.
सीओटीयू ने बंद को न्याय, जवाबदेही, समुदाय के लोगों की सुरक्षा और प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सामूहिक विरोध बताया है. संगठन ने कुकी-जो समुदाय के लोगों से एकजुटता और अनुशासन के साथ बंद का पालन करने की अपील की है. बयान में स्पष्ट किया गया है कि बंद शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं सहित जीवन बचाने के लिए जरूरी आपात स्थितियों में छूट रहेगी.
–
डीएससी
Skip to content