भ्रष्टाचार मामलों की जांच और अवैध संपत्ति जब्ती पर सीबीआई ने 16 देशों के 24 अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण

New Delhi, 11 नवंबर . केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) अकादमी, गाजियाबाद में भ्रष्टाचार के मामलों की जांच और अवैध संपत्तियों की बरामदगी (एसेट रिकवरी) पर एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.

यह प्रशिक्षण विदेश मंत्रालय के भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग (आईटीईसी) कार्यक्रम के तहत 4 नवंबर से 10 नवंबर तक आयोजित किया गया. समापन समारोह की अध्यक्षता सीबीआई के विशेष निदेशक एन. वेणुगोपाल ने की.

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 16 देशों के 24 अधिकारियों ने हिस्सा लिया. इनमें बोत्सवाना से तीन अधिकारी, लेबनान, माली, मॉरीशस, नाइजीरिया, तंजानिया और जिम्बाब्वे से दो-दो अधिकारी तथा इथियोपिया, घाना, इराक, मेडागास्कर, मालदीव, म्यांमार, नामीबिया, पनामा और पराग्वे से एक-एक अधिकारी शामिल थे.

प्रतिभागियों में कुल 11 महिला और 13 पुरुष अधिकारी थे, जो कानून प्रवर्तन और जांच एजेंसियों से जुड़े हुए हैं. प्रशिक्षण के दौरान भ्रष्टाचार निरोधक जांच और अवैध संपत्तियों की पहचान से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई.

इनमें संयुक्त राष्ट्र भ्रष्टाचार निरोधक कन्वेंशन (यूएनसीएसी) और भारतीय कानूनों के तहत भ्रष्टाचार विरोधी कानूनी ढांचा, डिजिटल साक्ष्यों की पहचान और संग्रह, जांच के दौरान क्रिप्टोकरेंसी निवेश का पता लगाना, संपत्तियों की ट्रेसिंग, मनी ट्रेल की पहचान, बेनामी और शेल कंपनियों के नेटवर्क का खुलासा, मुकदमेबाजी सहयोग, साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया, अपराध से अर्जित संपत्तियों की वसूली तथा दीवानी और आपराधिक संपत्ति जब्ती जैसे विषय शामिल रहे.

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को सीबीआई मुख्यालय का शैक्षणिक दौरा भी कराया गया. इस दौरान उन्होंने नेटवर्क फॉर एविडेंस ट्रेसिंग, रिसर्च एंड एनालिसिस लैब और ग्लोबल ऑपरेशंस सेंटर का दौरा कर आधुनिक जांच तकनीकों की जानकारी प्राप्त की.

तकनीकी प्रशिक्षण के अलावा प्रतिभागियों के लिए दिल्ली के ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण भी आयोजित किया गया, जिससे उन्हें भारतीय इतिहास और संस्कृति को करीब से समझने का अवसर मिला.

सीबीआई का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विभिन्न देशों के जांच अधिकारियों के बीच सहयोग बढ़ाने, भ्रष्टाचार विरोधी जांच क्षमताओं को मजबूत करने और अवैध संपत्तियों की बरामदगी से जुड़ी आधुनिक तकनीकों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी साझा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.

–

एएमटी/डीकेपी