भारतीय नौसेना और रॉयल थाई नेवी के बीच स्टाफ वार्ता का नई दिल्ली में सफल आयोजन, रक्षा एवं समुद्री सहयोग पर हुई चर्चा

New Delhi, 4 सितंबर . भारतीय नौसेना और रॉयल थाई नेवी के बीच 14वें स्टाफ वार्ता (स्टाफ टॉक्स) का सफल आयोजन New Delhi में संपन्न हुआ. इस दौरान दोनों देशों ने क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण सहयोग और द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. साथ ही भविष्य में सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान पर भी चर्चा की गई.

भारतीय नौसेना ने Friday को social media प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि 3 सितंबर 2026 को आयोजित इस बैठक की संयुक्त अध्यक्षता भारतीय नौसेना के रियर एडमिरल सचिन आर सिकेरा, एसीएनएस (एफसीआई) और रॉयल थाई नेवी के रियर एडमिरल चकसावत साइवोंग, निदेशक, नीति एवं योजना कार्यालय, नौसेना संचालन विभाग ने की.

भारतीय नौसेना के अनुसार, वार्ता का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा एवं समुद्री सहयोग की मजबूत नींव को और सुदृढ़ करना, क्षमता निर्माण एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना तथा भविष्य की साझेदारी के नए अवसरों की पहचान करना था.

इससे पहले जुलाई में भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े के युद्धपोत आईएनएस उदयगिरी, आईएनएस शक्ति और आईएनएस कवरत्ती ने रॉयल थाई नेवी के युद्धपोत एचटीएमएस चाओ फ्राया के साथ एक संयुक्त पैसेज एक्सरसाइज में हिस्सा लिया था. यह अभ्यास थाईलैंड के सत्ताहिप बंदरगाह की यात्रा के बाद आयोजित किया गया था.

भारतीय नौसेना ने बताया कि इस संयुक्त अभ्यास ने दोनों नौसेनाओं के बीच परिचालन समन्वय और आपसी तालमेल को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया. साथ ही समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने की साझा प्रतिबद्धता को भी दोहराया गया.

सत्ताहिप यात्रा के दौरान दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच कई पेशेवर आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित किए गए. इसके अलावा संयुक्त योग सत्र, खेलकूद गतिविधियां और युद्धपोतों के दौरे भी आयोजित किए गए. यात्रा के समापन पर रॉयल थाई नेवी की ओर से भारतीय नौसेना के जहाजों को गर्मजोशी के साथ विदाई दी गई.

30 जून को भी दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच मित्रता और सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय नौसेना के कर्मियों और रॉयल थाई नेवी के जवानों के बीच एक मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच खेला गया था. यह आयोजन आईएनएस उदयगिरी, आईएनएस शक्ति और आईएनएस कवरत्ती की सत्ताहिप यात्रा के दौरान हुआ था.

एएमटी/एबीएम