भागलपुर में टीबी मरीजों और बाढ़ पीड़ितों को मदद, 25 मरीजों को फूड बास्केट, 280 परिवारों को राहत किट

भागलपुर, 19 सितंबर . भागलपुर में Saturday को जरूरतमंदों की सहायता के लिए अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए. टीबी मुक्त India अभियान के तहत मारवाड़ी सेवा समिति ने 25 टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण किया. वहीं, जिला प्रशासन की ओर से महाशय ड्यूढ़ी और बाल निकेतन में रह रहे बाढ़ पीड़ितों के बीच कुल 280 राहत किट बांटी गईं.

टीबी मरीजों को उपचार के दौरान बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मारवाड़ी सेवा समिति, भागलपुर की ओर से 25 मरीजों को फूड बास्केट उपलब्ध कराए गए. कार्यक्रम में समिति की ओर से सज्जन कुमार किशोरपुरिया, राम गोपाल पोद्दार, रमण कुमार साह, धीरज बाजोरिया, किशोर झुनझुनवाला और गोपाल राम चौधरी मौजूद रहे.

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. दीनानाथ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मणि भूषण झा और प्रभारी जिला कार्यक्रम समन्वयक (टीबी) जितेंद्र प्रसाद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यक्रम में मौजूद रहे.

इस दौरान टीबी मरीजों को नियमित रूप से दवा लेने, डॉक्टर की सलाह का पालन करने और इलाज की निर्धारित अवधि पूरी करने के लिए प्रेरित किया गया. वक्ताओं ने कहा कि टीबी के इलाज में नियमित दवा के साथ पौष्टिक भोजन का भी विशेष महत्व है. पर्याप्त पोषण मरीज के स्वास्थ्य में सुधार और उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.

सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों द्वारा टीबी मरीजों को पोषण संबंधी सहयोग दिए जाने को टीबी उन्मूलन अभियान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया. स्वास्थ्य विभाग और मारवाड़ी सेवा समिति के संयुक्त प्रयास का उद्देश्य मरीजों को उपचार के साथ जरूरी पोषण सहायता उपलब्ध कराना और जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को मजबूत करना है.

दूसरी ओर, भागलपुर जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई. महाशय ड्यूढ़ी, चंपानगर में संचालित बाढ़ राहत शिविर में रह रहे 216 परिवारों के बीच राहत किट का वितरण किया गया. इसके अलावा बाल निकेतन में 64 किट बांटी गईं. दोनों स्थानों पर कुल 280 राहत किट वितरित की गईं.

अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन कुंदन कुमार ने राहत शिविर में रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई. किट में बर्तन, लोटा, गिलास, छोटी और बड़ी थाली, तेल, सर्फ, साबुन और कपड़ों समेत दैनिक जरूरत की विभिन्न वस्तुएं शामिल थीं.

प्रशासन की ओर से बाढ़ पीड़ित महिलाओं और पुरुषों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए कपड़े भी उपलब्ध कराए गए. महिलाओं को साड़ी दी गई, जबकि पुरुषों के बीच लूंगी और गमछे का वितरण किया गया.

राहत सामग्री वितरण के दौरान अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने शिविर में उपलब्ध सुविधाओं और वहां रह रहे परिवारों की जरूरतों की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यकतानुसार बाढ़ पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

इस दौरान राहत शिविर प्रभारी मिथिलेश कुमार, दिलीप कुमार, आपदा मित्र के सदस्य और शिविरों में रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवार मौजूद रहे.

एएमटी/डीकेपी