बीबीएल 16: रिशाद हुसैन और एडम जम्पा होबार्ट हरिकेंस की स्पिन गेंदबाजी को मजबूत करेंगे

New Delhi, 15 अक्टूबर . होबार्ट हरिकेंस ने बिग बैश लीग 16 के लिए बांग्लादेश के लेग-स्पिनर रिशाद हुसैन को टीम के साथ बरकरार रखते हुए अपनी स्पिन गेंदबाजी को मजबूत किया है. टीम उन्हें ऑस्ट्रेलियाई एडम जम्पा के साथ इस्तेमाल करने की तैयारी कर रही है.

हुसैन को दोबारा साइन करने से मौजूदा टीम को नए सीजन में एक मजबूत स्पिन कॉम्बिनेशन मिल गया है. 24 साल के इस खिलाड़ी ने बिग बैश लीग के अपने पहले सीजन में अच्छा प्रदर्शन किया था. होबार्ट के लिए, जम्पा को शामिल करने के बावजूद हुसैन को वापस लाना एक प्राथमिकता थी.

हरिकेन्स के जनरल मैनेजर-हाई परफॉर्मेंस सैलियन बीम्स ने कहा कि फ्रेंचाइजी में लौटने के लिए स्पिनर के उत्साह ने एग्रीमेंट को आसान बनाया.

उन्होंने कहा, “रिशाद ने हमें यह बिल्कुल साफ कर दिया था कि उन्हें पिछले सीजन में होबार्ट में बिताया गया समय बहुत पसंद आया और वे वापस आना चाहते थे. यह निश्चित रूप से हमारे लिए बहुत मायने रखता था. एडम जम्पा के शामिल होने से हमारी लिस्ट थोड़ी अलग हो गई थी, लेकिन जब रिशाद जैसी क्वालिटी का खिलाड़ी हरिकेन्स में लौटने के लिए इतना पक्का इरादा रखता है, तो हम ऐसा करने के हर मौके का फायदा उठाना चाहते थे.”

बीम्स ने कहा, “वह पिछले सीजन में हमारे लिए बहुत बढ़िया रहे थे. पहली बार बिग बैश में आना, हर गेम खेलना और हमारे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज के तौर पर खत्म करना, यह दिखाता है कि उनमें कितनी क्वालिटी है और उन्होंने कितनी जल्दी ऑस्ट्रेलियाई कंडीशन में खुद को ढाल लिया. अब हमारे पास दो हाई-क्वालिटी लेग-स्पिनर हैं, जो अलग-अलग ताकत लाते हैं और कंडीशन और मैच-अप के आधार पर हमें कुछ वाकई रोमांचक ऑप्शन देते हैं.”

उन्होंने कहा, “एडम लंबे समय से वर्ल्ड क्रिकेट के सबसे बेहतरीन व्हाइट-बॉल गेंदबाजों में से एक रहे हैं, जबकि हमने पिछली गर्मियों में देखा कि रिशाद बीच के ओवरों में कितने खतरनाक हो सकते हैं. उन दोनों को अपनी टीम का हिस्सा बनाने से हमें बहुत ज्यादा लचीलापन मिला है और हमारे बॉलिंग अटैक में एक और डायमेंशन जुड़ता है.”

हुसैन की लगातार मौजूदगी से हरिकेंस का लंबा इंतजार भी खत्म हो गया. फ्रेंचाइजी ने उन्हें बीबीएल 14 ड्राफ्ट के दौरान चुना था, लेकिन बांग्लादेश प्रीमियर लीग की वजह से वह उस सीजन में टीम में शामिल नहीं हो सके.

पिछले सीजन में 12 मैचों में बांग्लादेश के इस स्पिनर ने 20.86 की औसत और 7.82 की इकॉनमी से 15 विकेट लिए थे. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3-26 रहा. पूरे सीजन में उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन ने उन्हें हरिकेंस का बीबीएल प्लेयर ऑफ द ईयर अवॉर्ड दिलाया.

–

पीएके