
हाजीपुर, 28 नवंबर . विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में पशुओं की खरीद-बिक्री का बाजार इन दिनों खूब गुलजार है. मेले में घोड़ों की खरीद-बिक्री को लेकर पशुपालकों और व्यापारियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. अलग-अलग नस्लों और कीमतों के घोड़ों को देखने के लिए दूर-दराज के इलाकों से लोग पहुंच रहे हैं. Friday को मेले में एक घोड़ा 3 लाख 70 हजार रुपये में बिका. पशुपालन विभाग की Saturday को जारी रिपोर्ट के अनुसार, अब तक मेले में 590 घोड़ों की बिक्री हो चुकी है.
पशुपालन विभाग की 28 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, Friday को सोनपुर मेले में कुल 1,952 घोड़े मौजूद थे. इनमें से 235 घोड़ों की खरीद-बिक्री हुई. घोड़ों के बाजार में उनकी नस्ल, कद-काठी और कीमत को लेकर खरीदारों की विशेष दिलचस्पी देखी जा रही है. महंगे घोड़ों के साथ सामान्य कीमत वाले घोड़ों के खरीदार भी बाजार में पहुंच रहे हैं. Friday को 3.70 लाख रुपये में घोड़े की बिक्री ने भी पशु बाजार में लोगों का ध्यान खींचा.
सारण के पशुपालन पदाधिकारी मनोज कुमार दास ने को बताया कि सोनपुर मेले में केवल घोड़ों का ही आकर्षण नहीं है, बल्कि दूसरे पशुओं की खरीद-बिक्री भी जारी है. मेले में गायों की विभिन्न नस्लें उपलब्ध हैं और गाय पालकों तथा पशुपालकों की भी अच्छी आवाजाही हो रही है. इसके अलावा बकरी, भेड़ और श्वान (कुत्तों) के बाजार में भी रौनक बनी हुई है. पशुपालन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, मेले में बकरी और भेड़ की कुल 312 तथा श्वान की 172 उपस्थिति दर्ज की गई है. अलग-अलग नस्लों के पशुओं को देखने और खरीदने के लिए व्यापारी और आम खरीदार पहुंच रहे हैं. पशुओं की नस्ल, उनकी उपलब्धता और कीमत के बारे में जानकारी लेने के साथ ही खरीद-बिक्री का सिलसिला भी जारी है.
पशु बाजार में व्यापारियों के अलावा आसपास के जिलों और दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले पशुपालक भी नजर आ रहे हैं. कोई अच्छी नस्ल के घोड़े की तलाश में है तो कोई गाय और अन्य पशुओं की खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहा है. मेले में पशुओं की विविधता के कारण अलग-अलग श्रेणियों के बाजारों में चहल-पहल बनी हुई है. पशुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पशुपालन विभाग की ओर से चिकित्सा शिविर भी लगाए गए हैं. इन शिविरों के माध्यम से पशुपालकों को जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. साथ ही पशुओं के टीकाकरण की व्यवस्था भी की गई है, ताकि मेले में आने वाले पशुओं के स्वास्थ्य की देखभाल की जा सके.
सोनपुर मेला बिहार के सारण और वैशाली जिलों की सीमा पर गंगा और गंडक नदियों के संगम के निकट आयोजित होता है. इसे हरिहर क्षेत्र मेला भी कहा जाता है, जबकि स्थानीय लोग इसे छत्तर मेला के नाम से जानते हैं. कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा और गंडक में स्नान तथा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ इस मेले की शुरुआत होती है. करीब एक महीने तक चलने वाले इस आयोजन में धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक गतिविधियां देखने को मिलती हैं.
सोनपुर मेले का इतिहास भी काफी पुराना है. प्राचीन काल से ही यह पशुधन के व्यापार का प्रमुख केंद्र रहा है. मान्यता है कि पहले मध्य एशिया से भी व्यापारी यहां पशुओं की खरीदारी के लिए आते थे. खासकर हाथियों के व्यापार के लिए इस मेले की अलग पहचान रही है. पुराने समय में कहा जाता था कि सोनपुर मेले में सुई से लेकर हाथी तक की खरीदारी की जा सकती है. हालांकि समय के साथ मेले के स्वरूप में बदलाव आया है, लेकिन पशुओं की खरीद-बिक्री आज भी इसकी प्रमुख पहचान बनी हुई है.
–
एमएनपी/पीएम
Skip to content