बिहार : बेतिया में दिनदहाड़े आभूषण शोरूम में लूट, अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस

Patna, 18 नवंबर . बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर Police को खुली चुनौती दी है. सुप्रिया रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में तीन बाइकों पर सवार होकर पहुंचे करीब छह से आठ हथियारबंद अपराधियों ने करोड़ों रुपये के आभूषण लूट लिए और फरार हो गए.

शुरुआती अनुमान के मुताबिक, लूटे गए गहनों की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है. हालांकि, लूट की वास्तविक कीमत का आधिकारिक आकलन अभी नहीं हो सका है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधी हथियारों के साथ शोरूम में दाखिल हुए और वहां मौजूद कर्मचारियों तथा ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया. उन्होंने सभी लोगों से मोबाइल फोन छीन लिए. इसके बाद लोगों को एक जगह बैठाकर अपराधियों ने शोरूम में लूटपाट की. करीब 20 मिनट तक वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए.

शोरूम में मौजूद महिलाओं और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी अपराधियों के पास हथियार थे. हथियारों के बल पर उन्होंने किसी को विरोध करने का मौका नहीं दिया और सोने, हीरे तथा अन्य कीमती आभूषणों को लूट लिया. अपराधियों के फरार होने के बाद शोरूम में अफरा-तफरी मच गई और घटना की सूचना Police को दी गई. घटना की सूचना मिलते ही बेतिया के एसपी सहित वरिष्ठ Police अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.

Police शोरूम तथा आसपास के इलाकों में लगे cctv कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है. Police लूटे गए आभूषणों की वास्तविक कीमत का पता लगाने में भी जुटी है. सुप्रिया रोड शहर का व्यस्त और प्रमुख कारोबारी इलाका माना जाता है.

यहां दिनदहाड़े इतनी बड़ी लूट की वारदात से सर्राफा कारोबारियों और स्थानीय लोगों में दहशत है. घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और Police की गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल Police अपराधियों तक पहुंचने और मामले का खुलासा करने में जुटी है.

–

एमएनपी/पीएम