फतेहपुर में सिलेंडर धमाके से दो मंजिला मकान ध्वस्त, चार की मौत, एक की हालत नाजुक

फतेहपुर, 28 सितंबर . उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र के कस्बे में Monday की शाम फल कारोबारी के घर में तेज धमाके से मकान की ऊपरी दो मंजिलें ढह गईं. हादसे में मलबे में दबने और झुलसने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं. इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है.

Police के मुताबिक, घटना की सूचना शाम करीब 5:30 बजे पीआरवी के जरिए मिली. सूचना मिलते ही स्थानीय Police मौके पर पहुंची. संकरी गली होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी. इसके बाद जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का अभियान शुरू किया गया. Police और फायर ब्रिगेड के करीब 16 कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों की तलाश की. अभियान के दौरान सात लोगों को बाहर निकाला गया. सभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज फतेहपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने चार को मृत घोषित कर दिया.

फतेहपुर के Police अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सात लोगों को मलबे से निकाला गया है. इनमें चार की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक व्यक्ति 90 प्रतिशत से अधिक झुलसा है और उसकी हालत बेहद गंभीर है. उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है. दो अन्य घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. एसपी ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ में एक सिलेंडर फटने की बात सामने आई है. मौके पर चार गैस सिलेंडर मिले हैं, जिनमें दो के फटने की बात कही जा रही है. हालांकि, विस्फोट का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है. फोरेंसिक और फायर विभाग की टीमें मौके पर जांच कर रही हैं.

उन्होंने बताया कि धमाके की वजह से मुख्य मकान की दो मंजिलें ढह गईं. आसपास के कुछ मकानों की बीम को भी नुकसान पहुंचा है, हालांकि वहां कोई जनहानि नहीं हुई है. राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ को भी बुलाया गया है. Police के अनुसार, रात में मलबा हटाने के लिए पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जा रही है. बिजली विभाग और स्थानीय स्तर पर लाइट की व्यवस्था की गई है, जबकि जरूरत पड़ने पर बड़ी लाइटें भी मंगाई जाएंगी.

मलबे के भीतर किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की सूचना मिलने पर बचाव अभियान जारी रखा जाएगा. हादसे के बाद गृहस्वामी सुरेश उर्फ धुन्नर गुप्ता की भी सदमे से हालत बिगड़ गई. उन्हें भी चिकित्सकीय सहायता दी गई है. Police और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं. विस्फोट क्यों और किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच जारी है.

–

विकेटी/डीकेपी