
ग्रेटर नोएडा, 20 नवंबर . शहर में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अपनी कवायद तेज कर दी है. प्रदूषण की रोकथाम के लिए प्राधिकरण अब जमीनी स्तर पर अभियान चलाने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी करेगा. इस संबंध में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदूषण नियंत्रण के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने और सभी जरूरी कदम तत्काल उठाने के निर्देश दिए हैं.
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण रोकने के उपायों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव और एसीईओ नुपुर गोयल की मौजूदगी में आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में धूल उड़ने से रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं. सड़कों के किनारे जहां भी कच्चे रास्ते या खाली मिट्टी वाले हिस्से हैं, वहां घास लगाई जाए, ताकि वाहनों की आवाजाही और हवा के कारण धूल न उड़े.
इसके अलावा मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों के माध्यम से सड़कों की सफाई दो शिफ्टों में कराने को कहा गया है. सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए दिन और रात दोनों समय सड़कों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने प्रदूषण के लिहाज से चिह्नित सभी हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी रखने और वहां धूल नियंत्रण के लिए जरूरी उपाय करने के निर्देश दिए.
सीईओ ने कहा कि केवल अधीनस्थ कर्मचारियों के भरोसे व्यवस्था नहीं छोड़ी जाए, बल्कि एसीईओ, महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक और वरिष्ठ प्रबंधक स्वयं भी नियमित रूप से क्षेत्रों का दौरा करें. अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर सफाई, पानी के छिड़काव और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े इंतजामों की स्थिति का जायजा लेने को कहा गया है. जरूरत के मुताबिक एंटी स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों में धूल के कणों को नियंत्रित किया जा सके. बैठक में कूड़ा प्रबंधन और निर्माण स्थलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए.
सीईओ ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में निर्धारित सभी कूड़ा संकलन केंद्रों से नियमित रूप से कचरा उठाया जाए. किसी भी स्थान पर कूड़े का ढेर जमा नहीं होना चाहिए. निर्माण स्थलों पर रखी निर्माण सामग्री को अनिवार्य रूप से ढककर रखा जाए, जिससे हवा चलने पर धूल आसपास के क्षेत्रों में न फैले. निर्माण गतिविधियों के दौरान प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए. प्रदूषण नियंत्रण के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने पर भी प्राधिकरण विशेष जोर देगा.
इसके लिए शहर की आरडब्ल्यूए, अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन के कार्यालयों और सामुदायिक केंद्रों के नोटिस बोर्ड पर जागरूकता संबंधी पंफलेट लगाए जाएंगे. इनमें प्रदूषण रोकने के उपायों और नियमों की जानकारी दी जाएगी. इसके अलावा बल्क वेस्ट जनरेटरों, स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में एनजीओ के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनाया जा सके.
सीईओ ने शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए ई-चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि सर्दियों के दौरान सार्वजनिक स्थानों और अन्य क्षेत्रों में लकड़ी जलाकर अलाव तापने के बजाय इलेक्ट्रिक हीटर का इस्तेमाल किया जाए. इससे लकड़ी और अन्य ईंधन जलने से निकलने वाले धुएं को कम करने में मदद मिलेगी.
बैठक में बागवानी से निकलने वाले कचरे के निस्तारण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए. डॉ. बलकार सिंह ने कहा कि हॉर्टिकल्चर वेस्ट को जलाने के बजाय उससे वर्मी कंपोस्ट तैयार किया जाए. इससे कचरे का बेहतर उपयोग हो सकेगा और प्रदूषण भी नहीं फैलेगा. उन्होंने साफ चेतावनी दी कि हॉर्टिकल्चर वेस्ट या किसी अन्य प्रकार के कचरे में आग लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
सीईओ ने अधिकारियों को केंद्रीय वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन कराने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण के नियम केवल सर्दियों या प्रदूषण का स्तर बढ़ने के दौरान ही लागू करने की औपचारिकता नहीं निभाई जानी चाहिए, बल्कि इनका पालन पूरे साल लगातार होना जरूरी है. नियमों की अनदेखी करने वाले व्यक्तियों, संस्थानों और एजेंसियों पर जुर्माना लगाने के साथ सख्त कार्रवाई की जाए.
प्राधिकरण की इस पहल का उद्देश्य शहर में धूल, कूड़ा जलाने, निर्माण गतिविधियों और वाहनों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करना है. बैठक में महाप्रबंधक एके सिंह, उप महाप्रबंधक विजय रावल सहित सभी वरिष्ठ प्रबंधक और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
–
पीकेटी/एमएस
Skip to content