
New Delhi, 19 नवंबर . पूर्व विकेटकीपर इयान हीली का मानना है कि पैट कमिंस को ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान के पद से हटने की जरूरत नहीं है, लेकिन 2018 के बॉल-टैम्परिंग विवाद पर कैमरन बैनक्रॉफ्ट के नए दावों के बाद उनकी साख को काफी नुकसान पहुंचा है.
हीली की यह टिप्पणी तब आई है जब बैनक्रॉफ्ट ने दावा किया कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ केप टाउन टेस्ट के दौरान सैंडपेपर का इस्तेमाल करने की योजना के बारे में पूरी टीम को पता था और उन्होंने पूरी टीम को बचाने के लिए खुद पर सारा दोष ले लिया था. इस खुलासे ने एक बार फिर पैट कमिंस को चर्चा में ला दिया है. कमिंस उस टीम में गेंदबाजों में से एक थे और उन्होंने पिछले हफ्ते एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि उन्हें इस साजिश के बारे में कोई जानकारी नहीं थी.
हीली ने ‘सेन रेडियो’ से बात करते हुए कहा, “नहीं, उन्हें पद छोड़ने की जरूरत नहीं है. मैं 2018 में जो हुआ था, उस तरह की घबराहट में फिर से नहीं जाना चाहता. उस समय सब कुछ बहुत जल्दबाजी में हुआ था, बिना किसी से बात किए जांच करने की कोशिश की गई थी, जो पूरी तरह से बकवास था. यह खराब काम था, जल्दबाजी में किया गया था और घबराहट में लिया गया फैसला था.”
उन्होंने आगे कहा, “अब, मैं यह नहीं कह सकता कि उन्हें पद छोड़ना चाहिए या नहीं. क्या वह पद छोड़ेंगे? यह एक अलग बात हो सकती है. हो सकता है कि वह पद छोड़ दें. मुझे लगता है कि अगर वह कैमरन बैनक्रॉफ्ट की बातों का खंडन नहीं करते हैं, तो उनके लिए टीम की कप्तानी करना मुश्किल होगा. उस प्रेस कॉन्फ्रेंस के कारण उनकी साख को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि अब यह साबित हो गया है कि पैट ने जो बातें बताई थीं, वह पूरी तरह सच नहीं थीं.”
हीली के अनुसार, साख को पहुंचा यह नुकसान उस सीरीज में कमिंस के साथ खेलने वाले अन्य गेंदबाजों – जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क और नाथन लियोन – पर भी लागू होता है. उन्होंने कहा, “मैं कहूंगा कि इससे उनके व्यक्तिगत करियर की साख पर दाग लगा है. हालांकि, मुझे नहीं लगता कि इससे उनके खेल प्रदर्शन की साख पर कोई असर पड़ेगा. बॉल टैम्परिंग के इस दौर से पहले और बाद में – साउथ अफ्रीका के खिलाफ हुई घटना से पहले यह कब से चल रहा था और उसके बाद शायद ज्यादा नहीं हुआ – लेकिन वह इसे लेकर बहुत बेखौफ हो गए थे, जिससे मुझे लगता है कि यह शायद हमारी सोच से कहीं ज्यादा लंबे समय से चल रहा था.”
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ने आगे कहा, “हो सकता है कि उन्होंने अपनी स्किल्स से कुछ सफलता हासिल की हो, एक ऐसी गेंद के साथ जो उम्मीद से कहीं ज्यादा हरकत कर रही थी. यह उनके करियर की विरासत का एक हिस्सा तो है, लेकिन प्रदर्शन की विरासत नहीं. मुझे लगता है कि उनका प्रदर्शन बाकी क्रिकेट जगत के प्रदर्शन के मुकाबले ठीक-ठाक रहा है. व्यक्तिगत तौर पर, अब उनकी साख वैसी नहीं रही जैसी पहले हुआ करती थी, जब तक कि वह आने वाले कुछ दिनों में कुछ बहुत बड़ा बदलाव न कर लें.”
1988 से 1999 तक ऑस्ट्रेलिया के लिए 119 टेस्ट और 168 वनडे मैच खेलने वाले हीली का यह भी मानना था कि उस समय ऑस्ट्रेलियाई टीम के मुख्य कोच रहे डैरेन लेहमैन के पास अपनी बात रखने का पूरा मौका था, लेकिन काफी कुछ तो पहले ही साफ हो चुका था. उन्होंने कहा, “अगर उन्हें कुछ कहना है, तो यही सही समय है. मगर मुझे लगता है कि यहां भी सारी कड़ियां आपस में जुड़ रही हैं. यह एक बहुत ही खराब रवैये वाला काला अध्याय था, और वह उस समय इसके इंचार्ज थे.”
हीली का यह भी मानना था कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस मामले को दबा दिया था और उन्हें नहीं लगता कि दोबारा जांच कराने का कोई फायदा है. उन्होंने कहा, “नहीं. मुझे नहीं लगता कि इसका कोई फायदा है. अब हमारे लिए सारी कड़ियां जुड़ रही हैं. इसलिए मेरा जवाब नहीं है. इसमें बहुत खर्च आएगा, यह एक भद्दा मामला बन जाएगा, और एक ऐसी चीज को खींचना होगा जिसे पहली बार में ही बेहतर तरीके से संभाला जाना चाहिए था. मुझे लगता है कि बिना ज्यादा पैसा खर्च किए भी इस मामले को अच्छे से खत्म किया जा सकता है.”
–
एसएम/एबीएम
Skip to content