पूर्वी जावा के घने जंगलों में भारतीय और इंडोनेशियाई विशेष बलों की कड़ी परीक्षा

New Delhi, 3 नवंबर . India और इंडोनेशिया के विशेष बल इन दिनों पूर्वी जावा के दुर्गम और घने जंगलों में अपनी युद्धक क्षमता, तालमेल और साहस की कड़ी परीक्षा दे रहे हैं. दोनों देशों के बीच चल रहे संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘गरुड़शक्ति-2026’ के आठवें दिन अंतिम सत्यापन अभ्यास शुरू हो गया.

48 घंटे से अधिक समय तक चलने वाले इस अभ्यास में जवानों को बीते एक सप्ताह के दौरान सीखे गए सैन्य कौशल और प्रशिक्षण का वास्तविक परिस्थितियों में प्रदर्शन करना होगा. इस अंतिम अभ्यास में भारतीय सेना और इंडोनेशियाई सेना के विशेष बलों के जवान एक साथ मिलकर चुनौतीपूर्ण अभियान संचालित करेंगे. इसके तहत निशानेबाजी, पर्वतीय युद्ध कौशल, हेलीकॉप्टर के जरिए सैनिकों को निर्धारित स्थान पर उतारने, गश्त लगाने और दुश्मन की गतिविधियों का पता लगाने जैसे कौशल की परीक्षा होगी.

अभ्यास के दौरान जवानों को वास्तविक युद्ध जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा. घने जंगलों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच उन्हें एक-दूसरे के साथ तालमेल बनाकर काम करना होगा. इस दौरान उनकी शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति, सामरिक समन्वय और दबाव में तुरंत सही निर्णय लेने की क्षमता को भी परखा जाएगा.

इस अभ्यास का उद्देश्य केवल जवानों के व्यक्तिगत कौशल का परीक्षण करना नहीं है, बल्कि दोनों देशों के विशेष बलों के बीच संयुक्त रूप से अभियान चलाने की क्षमता को और मजबूत करना भी है. बीते एक सप्ताह में हासिल किए गए प्रशिक्षण और अनुभव को इस अंतिम चरण में परखा जाएगा.

गरुड़शक्ति-2026 का यह सत्यापन अभ्यास दोनों देशों के विशेष बलों को एक टीम के रूप में अधिक जटिल और चुनौतीपूर्ण संयुक्त सैन्य अभियानों के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण चरण है. इससे पहले दोनों देशों के इसी अभ्यास में India और इंडोनेशिया के जवानों ने युद्ध जैसे हालात में लक्ष्य को भेदने के लिए सटीक निशाने लगाए थे. दोनों देशों के विशेष बलों ने इंडोनेशिया के बान्युवांगी में यह संयुक्त फायरिंग अभ्यास किया.

अभ्यास के दौरान सैनिकों ने युद्धक निशानेबाजी, तेजी से स्थिति बदलकर फायरिंग करने और स्नाइपर फायरिंग का प्रशिक्षण लिया. इसमें खास तौर पर इस बात पर जोर दिया गया कि युद्ध जैसी परिस्थितियों में सैनिक कितनी तेजी से लक्ष्य पहचानते हैं और कितनी सटीकता से उसे निशाना बनाते हैं.

गौरतलब है कि India और इंडोनेशिया के विशेष बल जंगलों में आतंकवाद विरोधी अभियानों और उग्रवाद से निपटने की रणनीतियों का संयुक्त अभ्यास कर रहे हैं. इसके लिए भारतीय सेना के विशेष बलों का एक दल इंडोनेशिया में है. यह दल दोनों देशों के बीच होने वाले संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘गरुड़ शक्ति 2026’ के 12वें संस्करण में हिस्सा ले रहा है.

–

जीसीबी/एसके