
New Delhi, 13 नवंबर . पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक खास मौका सामने आया है. दरअसल, पावरग्रिड ने गेट (ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग)-2026 के माध्यम से प्रशिक्षु अभियंता (इलेक्ट्रॉनिक्स) के कुल 33 पदों पर रिक्तियों की घोषणा अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके की है.
पावरग्रिड की ओर से ट्रेनी इंजीनियर पोस्ट के लिए जारी 33 रिक्तियों में सामान्य के 14, ओबीसी (एनसीएल) के 7, एससी के 6, एसटी के 3 और ईडब्ल्यूएस के 3 पद शामिल हैं.
ट्रेनी इंजीनियर के इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 13 नवंबर की शाम 5 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 27 नवंबर तक तय की गई है. एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार पावरग्रिड की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं.
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/संस्थान से इलेक्ट्रॉनिक्स विषय या इसके समकक्ष में फुल-टाइम बीई/बीटेक/बीएससी (इंजीनियरिंग) की डिग्री, जिसमें कम से कम 60 प्रतिशत अंक या इसके समकक्ष सीजीपीए हो, होनी चाहिए.
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 27 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
योग्य अभ्यर्थियों का चयन गेट-2026 स्कोर, व्यवहार संबंधी मूल्यांकन (बिहेवियरल असेसमेंट), समूह चर्चा, व्यक्तिगत साक्षात्कार और प्री-एम्प्लॉयमेंट मेडिकल जांच (नौकरी से पहले की मेडिकल जांच) के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 30,000 से 1,20,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी. इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे.
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो 500 रुपए तय किया गया है. हालांकि, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांग/विभागीय उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है.
–
डीके/डीकेपी
Skip to content