पाकिस्तान के अराफात मिन्हास ने पांचवें ही वनडे में किया कमाल, शाहिद अफरीदी और अब्दुल रज्जाक जैसे दिग्गजों के क्लब में शामिल हुए

New Delhi, 21 अक्टूबर . Pakistan ने त्रिकोणीय वनडे सीरीज के दौरान Tuesday को रावलपिंडी में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड को 87 रन से हरा दिया. Pakistan की जीत के हीरो ऑलराउंडर अराफात मिन्हास रहे. अराफात ने गेंद और बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम को यादगार जीत दिलाई.

अराफात मिन्हास सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे. 21 साल के बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 58 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 59 रन की पारी खेली. वहीं, गेंदबाजी के दौरान बाएं हाथ के इस स्पिनर ने 8.4 ओवर में 40 रन देकर 6 विकेट लिए.

मिन्हास ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर Pakistan को जीत दिलाई और प्लेयर ऑफ द मैच बने. साथ ही किसी एक वनडे मैच में अर्धशतक लगाने और पांच या उससे अधिक विकेट लेने वाले Pakistan के तीसरे खिलाड़ी बने. अराफात ने अपने वनडे करियर के पांचवें मुकाबले में ही यह उपलब्धि हासिल की.

एक वनडे में अर्धशतक और 5 या उससे अधिक विकेट लेने की उपलब्धि अराफात मिन्हास से पहले शाहिद अफरीदी और अब्दुल रज्जाक हासिल कर चुके हैं. अफरीदी ने 3 बार, जबकि रज्जाक ने करियर में 1 बार यह करिश्मा किया है.

वहीं, Pakistan से बाहर के खिलाड़ियों में विव रिचर्ड्स, युवराज सिंह, क्रिस गेल और शाकिब अल हसन जैसे दिग्गजों ने भी किसी एकदिवसीय मुकाबले में अर्धशतक लगाने और 5 या उससे अधिक विकेट लेने की उपलब्धि हासिल की है.

Pakistan और इंग्लैंड मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए Pakistan ने हसन नवाज के 79, अराफात मिन्हास के 59, फहीम अशरफ के 39, साद बेग के 35 और बाबर आजम के 34 रन की बदौलत 9 विकेट पर 302 रन बनाए थे.

इंग्लैंड के लिए सोनी बेकर ने 3, गस एटकिंसन ने 2, जबकि विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल रशीद और सैम करन ने 1-1 विकेट लिए.

303 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी इंग्लैंड को टॉम बैंटन और बेन डकेट ने अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 14.3 ओवर में 91 रन जोड़े. लेकिन बाद में आने वाले बल्लेबाज इस साझेदारी का फायदा नहीं उठा सके. अराफात मिन्हास की घातक गेंदबाजी के सामने इंग्लैंड की टीम ने सरेंडर कर दिया. इंग्लैंड 38.4 ओवर में 215 रन पर सिमट गई और 87 रन से मैच हार गई. बैंटन ने 57 और बेन डकेट ने 45 रन बनाए. इसके अलावा जो रूट ने 33 और सैम करन ने 27 रन बनाए.

Pakistan के लिए अराफात ने 6, हारिस रऊफ ने 2 और नसीम शाह ने 1 विकेट लिए.

–

पीएके