पहाड़ों की बर्फबारी से बढ़ेगी दिल्ली-एनसीआर में ठिठुरन, वायु गुणवत्ता के ‘रेड जोन’ में लौटने की आशंका

New Delhi, 23 नवंबर . पहाड़ों पर बदलते मौसम का असर अब मैदानी इलाकों में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है. दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और भी जोर पकड़ेगी.

इस हफ्ते न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की प्रबल संभावना है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास होने लगेगा. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले छह दिनों तक दिल्ली-एनसीआर के आसमान में कोहरे का डेरा रहने वाला है.

23 नवंबर को दिन की शुरुआत हल्के कोहरे के साथ होगी. अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 24 नवंबर को तापमान में मामूली गिरावट दर्ज होगी. न्यूनतम तापमान 11 डिग्री पर आ जाएगा, जबकि अधिकतम 25 डिग्री रहेगा. मौसम हल्का कोहरा बना रहेगा. 25 नवंबर को ठंड बढ़ना शुरू हो जाएगा. न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री रहेगा.

कोहरे की तीव्रता बढ़कर मध्यम कोहरा तक पहुंच जाएगी. 26 नवंबर को सबसे अधिक ठंड इस दिन महसूस की जा सकती है. न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा. आसमान में मध्यम कोहरा छाया रहेगा. 27 और 28 नवंबर को तापमान में स्थिरता रहेगी. न्यूनतम पारा 10 डिग्री और अधिकतम 26 डिग्री के आसपास बना रहेगा. दोनों ही दिन मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिलेगा.

मौसम में आ रहे इस बदलाव का सीधा असर एनसीआर की हवा पर पड़ेगा. ठंड के जोर पकड़ते ही और हवा की रफ्तार धीमी होने के कारण प्रदूषण के कण वातावरण में जमा होने लगेंगे. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, जैसे ही तापमान में तेजी से गिरावट आएगी, एनसीआर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) फिर से ‘रेड जोन’ यानी ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच जाएगा.

फिलहाल, मौसम में आंशिक सुधार देखने को मिल रहा है और हवा कुछ हद तक साफ है, लेकिन आने वाले दिनों में स्थिति बिगड़ने की पूरी आशंका है.

–

पीकेटी/एएस