पश्चिम बंगाल में बढ़ी ठंड, कोलकाता में तापमान में भारी गिरावट

कोलकाता, 25 नवंबर . पश्चिम बंगाल में ठंड बढ़ गई है. Wednesday को उत्तर की ओर से आ रही हवाओं के असर से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट आने का अनुमान जताया है. साथ ही, पूरे राज्य में मौसम के शुष्क (सूखा) रहने की संभावना है.

दक्षिण बंगाल के बीरभूम जिले के सूरी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. उत्तर बंगाल के मैदानी इलाकों में पुंडीबारी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा. पहाड़ी इलाकों में दार्जिलिंग पीटीओ में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस क्षेत्र में ठंड की शुरुआत का संकेत है.

कोलकाता के अलीपुर मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि यह मौसमी औसत से 0.7 डिग्री अधिक था, लेकिन Tuesday के 22.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले इसमें काफी गिरावट आई है. 24 घंटों के भीतर न्यूनतम तापमान में 3.4 डिग्री की कमी आई है.

पूर्वानुमान के अनुसार, सप्ताहांत तक कोलकाता का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. सुबह के समय दार्जिलिंग और पश्चिम बर्धमान जिलों में हल्का कोहरा भी देखा गया.

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “राज्य के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा. पश्चिमी जिलों में भी न्यूनतम तापमान गिर रहा है, हालांकि दिन के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है. Friday तक तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. पश्चिमी जिलों में न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.”

अधिकारी ने आगे बताया कि उत्तर बंगाल के पहाड़ी जिलों में भी ठंड बढ़ गई है. उत्तर बंगाल के कई जिलों, खासकर पहाड़ी इलाकों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है. कुछ जगहों पर दृश्यता (विजिबिलिटी) घटकर लगभग 200 मीटर तक रह सकती है.

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक कहीं भी व्यापक बारिश होने की संभावना से इनकार किया है. हालांकि, राज्य में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता.

–

एसडी/एएस