पवन ऊर्जा क्षमता में चीन दुनिया में लगातार 16 साल से पहले स्थान पर

बीजिंग, 14 अक्टूबर . चीन नवीकरणीय ऊर्जा सोसायटी की पवन ऊर्जा समिति से मिली जानकारी के मुताबिक, इस साल के पहले आठ महीनों में चीन की पवन ऊर्जा की नई ग्रिड-कनेक्टेड क्षमता 53,260 मेगावाट रही.

अगस्त के अंत तक देश की कुल ग्रिड-कनेक्टेड पवन ऊर्जा क्षमता बढ़कर 6,92,720 मेगावाट हो गई, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 19.64 प्रतिशत अधिक है. चीन की पवन ऊर्जा स्थापित क्षमता लगातार 16 वर्षों से दुनिया में पहले स्थान पर बनी हुई है. इसके साथ ही, चीनी पवन टर्बाइनों का निर्यात भी लगातार बढ़ रहा है.

आंकड़ों के अनुसार, चीन में पवन ऊर्जा की स्थापित क्षमता और बिजली उत्पादन में स्थिर वृद्धि के साथ ही पवन टर्बाइनों के निर्यात का दायरा भी बढ़ा है. चीन अब तक 6 महाद्वीपों के 60 देशों को पवन टर्बाइन निर्यात कर चुका है. इसके अलावा, 7 प्रमुख पवन टर्बाइन निर्माताओं ने विदेशों में अपने कारखाने स्थापित किए हैं या ऐसा करने की योजना बना रहे हैं. इससे उन्हें विदेशी बाजारों और परियोजनाओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी.

चीन नवीकरणीय ऊर्जा सोसायटी की पवन ऊर्जा समिति के नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक, 2025 के अंत तक चीन ने कुल 1,175 पवन टर्बाइन निर्यात किए थे, जिनकी संयुक्त क्षमता 7,750 मेगावाट थी. यह पिछले साल के मुकाबले करीब 50 प्रतिशत अधिक थी. अब तक चीन कुल 6,974 पवन टर्बाइन निर्यात कर चुका है, जिनकी कुल क्षमता 28,520 मेगावाट है.

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

–

एबीएम/