पंजाब में पराली जलाने पर सख्ती, 84 मामले आए सामने आए, 1.40 लाख का जुर्माना

पटियाला, 6 अक्टूबर . पंजाब में धान की पराली जलाने के मामलों पर प्रशासन सख्त हो गया है. वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की 5 अक्टूबर तक की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में अब तक पराली जलाने की 84 घटनाएं सामने आई हैं.

रिपोर्ट के अनुसार इनमें से 78 मामलों में खेतों का निरीक्षण किया गया. भौतिक जांच के दौरान 30 जगहों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई है.

प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 28 मामलों में पर्यावरणीय मुआवजा लगाया है. इसकी कुल राशि 1.40 लाख रुपए है, जिसमें से अब तक 55 हजार रुपए वसूले जा चुके हैं. इसके अलावा 13 मामलों में किसानों के फार्म रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है और एक मामले में First Information Report भी दर्ज की गई है. नोडल और सुपरवाइजरी अधिकारियों ने 36 जगहों पर चेतावनी और शो-कॉज नोटिस जारी किए हैं.

जिलेवार आंकड़ों की बात करें तो अमृतसर सबसे आगे है. यहां सबसे ज्यादा 49 आग लगने की घटनाएं दर्ज हुईं. अमृतसर में 45 खेतों की जांच की गई और 13 जगहों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई. 11 मामलों में 55 हजार रुपए का पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया, जिसमें से 35 हजार रुपए वसूल हो चुके हैं. जिले में 32 चेतावनी नोटिस भी जारी किए गए हैं.

दूसरे नंबर पर तरनतारन है. यहां 18 घटनाएं दर्ज हुईं. 16 खेतों का निरीक्षण हुआ और 9 जगहों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई. यहां 9 मामलों में 45 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया, जिसमें से 10 हजार रुपए वसूले गए हैं. 9 मामलों में रेड एंट्री भी की गई है.

फिरोजपुर में 5 घटनाएं सामने आईं. सभी 5 खेतों की जांच हुई और सभी में पराली जलाने की पुष्टि हुई. 5 मामलों में 25 हजार रुपए का मुआवजा लगाया गया, जिसमें 5 हजार रुपए वसूले गए हैं और 4 रेड एंट्री दर्ज हुई हैं.

पटियाला जिले में 2 मामले रिपोर्ट हुए. दोनों खेतों की जांच की गई और दोनों जगह पराली जलाने की पुष्टि हुई. दोनों मामलों में कुल 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है, हालांकि अभी तक कोई वसूली नहीं हुई है. पटियाला में एक First Information Report भी दर्ज की गई है.

सीएक्यूएम की रिपोर्ट के अनुसार पंजाब में अब तक 84 आग लगने की घटनाएं रिपोर्ट हुई हैं. 78 खेतों का निरीक्षण किया गया है और 30 जगहों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई है. 28 मामलों में पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया है, जिसकी कुल राशि 1.40 लाख रुपए है और 55 हजार रुपए वसूले जा चुके हैं. एक First Information Report दर्ज हुई है, 13 रेड एंट्री की गई हैं और 36 चेतावनी व शो-कॉज नोटिस जारी किए गए हैं.

–

एएस