पंजाब में पराली जलाने के 27 मामले दर्ज, पटियाला में एक केस पर 5 हजार रुपये जुर्माना

चंडीगढ़, 25 सितंबर . पंजाब में पराली जलाने के मामलों को लेकर पंजाब पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (पीपीसीबी) ने एटीआर रिपोर्ट जारी की है. रिपोर्ट 24 सितंबर 2026 तक के आंकड़ों पर आधारित है.

रिपोर्ट के मुताबिक, पूरे पंजाब में इस सीजन में अब तक इसरो प्रोटोकॉल के अनुसार पराली जलाने की कुल 27 घटनाएं दर्ज की गई हैं. इनमें से 21 खेतों का मौके पर निरीक्षण किया गया है और 10 जगहों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई है.

बता दें कि इसरो के मानक प्रोटोकॉल के अनुसार, पराली (फसल अवशेष) जलाने की घटनाओं की निगरानी सैटेलाइट्स के माध्यम से की जाती है.

पटियाला जिले की बात करें तो यहां पराली जलाने का एक मामला सामने आया है. रिपोर्ट के अनुसार एक खेत में पराली जलाने की घटना दर्ज हुई और मौके पर निरीक्षण भी किया गया. निरीक्षण के दौरान उस स्थान पर पराली जलाने की पुष्टि हो गई.

इस मामले में 5,000 रुपए का पर्यावरण मुआवजा लगाया गया है. हालांकि रिपोर्ट में वसूली गई राशि शून्य दर्ज है, यानी अभी तक जुर्माना वसूला नहीं गया है. पटियाला में इस मामले को लेकर First Information Report दर्ज नहीं हुई है. साथ ही नोडल या सुपरवाइजरी अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन, चार्जशीट, सस्पेंशन या वार्निंग नोटिस जैसी कोई कार्रवाई भी नहीं हुई है.

पीपीसीबी की कुल रिपोर्ट देखें तो, पराली जलाने की कुल घटनाएं 27 हैं. 21 खेतों की निरीक्षण की गई. 10 खेतों में पराली जलाने की पुष्टि हुई. 7 मामलों में पर्यावरण मुआवजा लगाया गया. जिससे कुल लगाया गया जुर्माना 35,000 रुपए हो गाया. इसमें से 10 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया.

सबसे ज्यादा मामले अमृतसर में 13 दर्ज हुए हैं, जिनमें से 11 खेतों का निरीक्षण हुआ और 4 जगह जलाने की पुष्टि हुई. एक मामले में 5,000 रुपए जुर्माना लगाया गया और वसूल भी कर लिया गया.

फिरोजपुर में 4 मामले दर्ज हुए, 3 का निरीक्षण हुआ और 3 पर ही जलाने की पुष्टि हुई. यहां 3 मामलों में 15,000 रुपए जुर्माना लगाया गया, जिसमें से 5,000 रुपए वसूला गया. यहां 3 फार्म रिकॉर्ड में रेड एंट्री भी की गई है और 4 वार्निंग नोटिस जारी हुए हैं.

तरनतारन में 5 मामले दर्ज हुए, 3 का निरीक्षण हुआ, 1 की पुष्टि हुई और 5,000 रुपए जुर्माना लगा. होशियारपुर में 1 मामला दर्ज हुआ, पुष्टि भी हुई और 5,000 रुपए जुर्माना लगा लेकिन वसूली नहीं हुई.

गुरदासपुर में 2, शहीद भगत सिंह नगर में 1 और पटियाला में 1 मामला दर्ज हुआ है. बाकी जिलों बरनाला, बठिंडा, फतेहगढ़ साहिब, फरीदकोट, फाजिल्का, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, मानसा, मोगा, मुक्तसर, पठानकोट, रूपनगर, एसएएस नगर, संगरूर और मलेरकोटला में एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ है.

–

एएस