पंजाब चुनाव 2027 : पठानकोट में 2022 में भाजपा जीती, तो भोआ पर ‘आप’ का कब्जा, सुजानपुर में कांग्रेस ने मारी थी बाजी

चंडीगढ़, 4 नवंबर . पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की गतिविधियां तेज हो गई हैं. Political दलों की ओर से अपने-अपने समीकरण बनाए जा रहे हैं. पठानकोट जिले की विधानसभा सीटों की स्थिति जानने के लिए 2022 के चुनाव परिणामों पर गौर करना आवश्यक है. पठानकोट जिले में विधानसभा की तीन सीटें सुजानपुर, भोआ (सुरक्षित) और पठानकोट हैं.

सुजानपुर :- 2022 के चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा से यह सीट छीनी थी. इससे पहले तीन बार (2007, 2012, 2017) से लगातार इस सीट पर भाजपा की जीत हो रही थी. लेकिन भाजपा के विजय रथ को 2022 में कांग्रेस के नरेश पुरी ने दिनेश कुमार को 4,636 वोटों के अंतर से हराकर रोक दिया था. नरेश पुरी को 46,916 वोट मिले थे. दूसरे नंबर पर रहे भाजपा उम्मीदवार दिनेश कुमार (बब्बू) को 42,280 वोट मिले थे. इस सीट पर तीसरे नंबर पर रहे आम आदमी पार्टी के अमित सिंह मंटो को 29,310 वोट मिले थे.

भोआ (सुरक्षित): पिछले चुनाव में आम आदमी पार्टी ने यह सीट कांग्रेस से छीनी थी. आम आदमी पार्टी के लाल चंद कटारूचक ने कांग्रेस के जोगिंदर पाल को रोमांचक मुकाबले में 1,204 वोटों से हराया था. लाल चंद कटारूचक को 50,339 वोट मिले थे. दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी जोगिंदर पाल को 49,135 वोट मिले थे. तीसरे नंबर पर रहीं भाजपा की सीमा कुमारी को 29,132 वोट मिले थे.

पठानकोट: 2022 के चुनाव में भाजपा ने यह सीट कांग्रेस से छीनी थी. भाजपा के अश्विनी कुमार शर्मा ने कांग्रेस के अमित विज को 7,759 वोटों से हराया था. अश्विनी कुमार शर्मा को 43,132 वोट मिले थे. दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस के अमित विज को 35,373 वोट मिले थे. तीसरे नंबर पर रहे आम आदमी पार्टी के विभूति शर्मा को 31,451 वोट मिले थे. 2027 के चुनाव में यहां पर भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है. यहां शहरी और दलित मतदाता जीत-हार तय करने में बड़ी भूमिका निभाते हैं.

–

एसडी/एबीएम