पंजाब चुनाव 2027 : कांग्रेस ने मदन लाल जलालपुर का निलंबन लिया वापस, तत्काल प्रभाव से पार्टी में बहाल

पटियाला, 23 नवंबर . पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह ने घनौर के पूर्व विधायक मदन लाल जलालपुर को बड़ी राहत देते हुए उनका पार्टी से निलंबन तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है. इस संबंध में 21 नवंबर 2026 को आधिकारिक पत्र जारी किया गया था.

परगट सिंह की ओर से जारी पत्र में मदन लाल जलालपुर को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया गया है कि कांग्रेस पार्टी की सदस्यता से उनका निलंबन तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाता है. इस फैसले के बाद मदन लाल जलालपुर की कांग्रेस में वापसी का रास्ता साफ हो गया है. पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह ने पत्र पर हस्ताक्षर कर इसकी आधिकारिक पुष्टि की है.

बता दें कि जुलाई में कांग्रेस कमेटी की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में मदन लाल जलालपुर को कारण बताओ नोटिस जारी किया था. पार्टी की अनुशासनात्मक समिति के अध्यक्ष अवतार हैनरी ने उनके खिलाफ कार्रवाई की थी. अवतार हैनरी की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में कहा गया था कि पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी को जलालपुर के खिलाफ लिखित शिकायत प्राप्त हुई है.

शिकायत में जिक्र किया गया था कि पूर्व विधायक ने मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस पार्टी के हाईकमान, राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और गैरजिम्मेदाराना टिप्पणियां कीं. अनुशासन समिति की ओर से जलालपुर को अपना पक्ष रखने के लिए तीन दिन का समय दिया गया था.

कांग्रेस की ओर से मदन लाल जलालपुर का निलंबन रद्द करने के फैसले को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है. पार्टी के इस फैसले को नेताओं को साथ जोड़ने और एकजुटता मजबूत करने के तौर पर देखा जा रहा है.

–

एसडी/एबीएम