पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के घर पर देर रात फायरिंग, बाइक सवार हमलावरों ने की कई राउंड फायरिंग

चंडीगढ़, 13 सितंबर . पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के बरनाला स्थित घर पर देर रात फायरिंग की गई. जानकारी के मुताबिक, बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवक गांव फरवाही पहुंचे. तीनों ने अपने चेहरे कवर किए हुए थे. घर के गेट के पास पहुंचने के बाद युवकों ने कई राउंड फायर किए और इसके बाद मौके से फरार हो गए. घटना देर रात की बताई जा रही है. अचानक हुई इस फायरिंग के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है.

फरवाही गांव बरनाला जिले में आता है और गुलाब सिद्धू का संबंध इसी गांव से बताया जाता है. हमलावर फायरिंग करने के बाद बाइक से फरार हो गए. फिलहाल यह साफ नहीं है कि इस हमले के पीछे कौन है और हमलावरों का मकसद क्या था. Police मामले की जांच कर रही है.

गुलाब सिद्धू के लिए यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि इससे पहले भी उनके खिलाफ हमले की साजिश सामने आ चुकी है. जनवरी 2026 में बरनाला Police ने दावा किया था कि उसने गुलाब सिद्धू पर हमले की एक कथित साजिश को नाकाम किया है. Police ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें कोटदुना गांव का सरपंच बलजिंदर सिंह उर्फ किंदा भी शामिल था.

Police के मुताबिक, उसके साथ बलविंदर सिंह उर्फ बिंदर मान और गुरविंदर सिंह उर्फ गिल को भी पकड़ा गया था. आरोपियों के पास से हथियार और कारतूस बरामद हुए थे और गुलाब सिद्धू को निशाना बनाने की योजना बनाई गई थी.

उस समय Police ने इस कथित साजिश को गुलाब सिद्धू के एक गाने को लेकर हुए विवाद से भी जोड़कर देखा था. उनके एक गाने में सरपंचों को लेकर की गई टिप्पणी के बाद पंजाब के कुछ सरपंचों ने विरोध जताया था. Police का दावा था कि इसी विवाद के बाद कथित तौर पर गुलाब सिद्धू को निशाना बनाने की योजना बनाई गई.

बात करें गुलाब सिद्धू के करियर की बात है, तो वह पिछले कुछ सालों में पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं. उन्होंने ‘पंच्छी’, ‘टौर कड्ड दा’, ‘सरदारनी’, ‘दिल जट्ट दा’, ‘चादरे’, ‘जट्ट दे इरादे’ और ‘फोटो ते फ्लावर’ जैसे कई गाने दिए.

गुलाब सिद्धू ने सिद्धू मूसे वाला के साथ भी काम किया है. दोनों का गाना ‘बाई बाई’ 2020 में रिलीज हुआ था और यह उनके करियर के चर्चित कोलैबोरेशन में शामिल रहा. इसके अलावा ‘पंज सत्त’, ‘आइनक’, ‘नखरा’, ‘वाइब’, ‘शोमेन’, ‘डेड जोन’, ‘लाहौर’ और ‘सोल्ड टू डेथ’ जैसे गाने भी उनके नाम से जुड़े हैं.

गुलाब सिद्धू का करियर सिर्फ पुराने हिट गानों तक सीमित नहीं है. 2025 और 2026 में भी उन्होंने लगातार नए प्रोजेक्ट्स पर काम किया, जिसमें ‘जट्टा लव यू’, ‘गरूर’, ‘गलबात’, ‘जमाना’, ‘सरदारी’, ‘सरपंच-टाइटल ट्रैक’, ‘क्रीमलैंड’ और ‘मंगनी’ जैसे गाने शामिल है.

पीके/पीएम