नोएडा में स्ट्रीट लाइट की शिकायत अब घर बैठे दर्ज कर सकेंगे नागरिक, प्राधिकरण ने जारी किया मोबाइल एप

नोएडा, 31 अगस्त . शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में नोएडा प्राधिकरण ने एक महत्वपूर्ण पहल की है. अब नोएडा क्षेत्र के नागरिक अपने आसपास बंद पड़ी, खराब या प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी अन्य स्ट्रीट लाइट की समस्याओं की शिकायत घर बैठे दर्ज करा सकेंगे. इसके लिए नोएडा प्राधिकरण के विद्युत/यांत्रिक विभाग की ओर से ‘नोएडा स्मार्ट एलईडी लाइट’ मोबाइल एप्लीकेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. यह एप्लीकेशन टाटा द्वारा विकसित किया गया है.

प्राधिकरण के मुताबिक, स्ट्रीट लाइट से संबंधित शिकायतों के त्वरित और व्यवस्थित निस्तारण के उद्देश्य से इस डिजिटल व्यवस्था को शुरू किया गया है. नागरिक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से संबंधित स्थान की स्ट्रीट लाइट खराब होने या बंद होने की शिकायत आसानी से दर्ज करा सकते हैं. इससे लोगों को शिकायत के लिए प्राधिकरण कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी. ‘नोएडा स्मार्ट एलईडी लाइट’ मोबाइल एप्लीकेशन को एप्पल ऐप स्टोर और एंड्रॉयड गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है.

एप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध होने से नागरिकों के लिए शिकायत प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी. इसके अलावा जिन नागरिकों के पास एप का इस्तेमाल करने की सुविधा नहीं है, वे स्ट्रीट लाइट संबंधी शिकायत टोल-फ्री नंबर 18001029574 पर भी दर्ज करा सकते हैं.

प्राधिकरण का कहना है कि डिजिटल माध्यम से दर्ज होने वाली शिकायतों का रिकॉर्ड व्यवस्थित तरीके से तैयार किया जा सकेगा. शिकायतों के डिजिटल अभिलेखीकरण के साथ-साथ उनके अनुश्रवण की सुविधा भी उपलब्ध होगी. इससे यह पता लगाने में आसानी होगी कि किस क्षेत्र से शिकायत प्राप्त हुई है, शिकायत पर कब संज्ञान लिया गया और उसके निस्तारण की स्थिति क्या है.

नई व्यवस्था की खास बात यह है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद नागरिक उसकी स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे. इससे शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी भी तय करने में मदद मिलेगी.

नोएडा प्राधिकरण के अनुसार, स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव से संबंधित कार्यों में डिजिटल निगरानी होने से शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी बनाई जा सकेगी. शहर के साथ-साथ गांवों में भी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के समाधान में यह व्यवस्था उपयोगी साबित होगी.

नोएडा प्राधिकरण ने जनसामान्य से अपील की है कि उनके आसपास यदि कोई स्ट्रीट लाइट बंद है, खराब है या प्रकाश व्यवस्था से संबंधित कोई अन्य समस्या है तो उसकी शिकायत तत्काल ‘नोएडा स्मार्ट एलईडी लाइट’ मोबाइल एप्लीकेशन अथवा टोल-फ्री नंबर 18001029574 के माध्यम से दर्ज कराएं.

पीकेटी/डीकेपी