
नोएडा, 28 नवंबर . नोएडा के सेक्टर-82 स्थित ग्रीन व्यू अपार्टमेंट में Friday शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. यहां चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैट की बालकनी से छह साल का बच्चा नीचे गिर गया. गनीमत रही कि बच्चा नीचे स्थित एक अन्य फ्लैट की सीमेंट की छत पर जा गिरा.
इस वजह से उसकी जान बच गई और उसे किसी तरह की चोट भी नहीं आई. घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने जब बच्चे को सुरक्षित देखा तो सभी ने राहत की सांस ली. मिली जानकारी के मुताबिक, Friday शाम करीब छह बजे सेक्टर-82 के ग्रीन व्यू अपार्टमेंट के 4डी फ्लैट में छह साल का बच्चा मौजूद था. बताया जा रहा है कि घटना के समय उसकी दादी किसी काम से बाजार गई हुई थीं.
दादी की गैरमौजूदगी में बच्चा घर पर अकेला था. इसी दौरान वह फ्लैट की बालकनी से नीचे गिर गया. हालांकि, वह सीधे जमीन पर गिरने के बजाय नीचे स्थित 4ए फ्लैट की सीमेंट से बनी छत पर जा गिरा. इससे एक बड़ा हादसा टल गया. बच्चे के नीचे गिरने की जानकारी मिलते ही अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. वहां पहुंचकर लोगों ने देखा कि बच्चा नीचे स्थित फ्लैट की छत पर सुरक्षित मौजूद था. बताया जा रहा है कि बच्चा खुद ही छत से नीचे आने की कोशिश कर रहा था. लोगों ने उसे सुरक्षित देखकर राहत की सांस ली और उसे सावधानीपूर्वक वहां से सुरक्षित निकालने की स्थिति का जायजा लिया.
बताया जा रहा है कि बच्चे की पारिवारिक परिस्थितियां भी काफी संवेदनशील हैं. उसकी मां पिछले करीब तीन साल से लापता बताई जा रही हैं, जबकि पिता विदेश में नौकरी करते हैं. ऐसे में छह साल का बच्चा अपनी दादी के साथ रहता है. Friday को दादी के बाजार जाने के दौरान बच्चा घर में अकेला रह गया था. इसी बीच यह घटना हो गई. मामला थाना फेस-2 क्षेत्र के सेक्टर-82 स्थित ग्रीन व्यू अपार्टमेंट का बताया जा रहा है.
–
पीकेटी/डीकेपी
Skip to content