
नैनीताल, 28 नवंबर . उत्तराखंड में सर्दियों के मौसम में पर्यटन की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं. नैनीताल समेत प्रदेश के कई पर्यटन स्थलों पर क्रिसमस से लेकर जनवरी तक टूरिस्ट की आवाजाही रहती है. ऐसे में नैनीताल की प्राकृतिक खूबसूरती के साथ यहां दिखाई देने वाली विंटर लाइन को भी पर्यटन के नए आकर्षण के रूप में विकसित किया जा सकता है. होटल एसोसिएशन का मानना है कि इसके लिए बेहतर मार्केटिंग और प्रचार-प्रसार की जरूरत है.
नैनीताल से दिखाई देने वाली विंटर लाइन प्रकृति का एक खास नजारा है. सर्दियों में आसमान में दिखने वाली यह अनोखी रेखा पर्यटकों को बहुत आकर्षित करती है, लेकिन अभी तक इसका व्यापक स्तर पर प्रचार नहीं हो पाया है.
नैनीताल होटल एसोसिएशन के सचिव वेद साह ने बताया कि यदि social media कैंपेन, डिजिटल विज्ञापनों और पर्यटन से जुड़े प्लेटफॉर्म के माध्यम से इसका प्रमोशन किया जाए तो यह देशभर के पर्यटकों को नैनीताल आने के लिए आकर्षित कर सकती है.
उनका कहना है कि सिर्फ नैनीताल की झील और पहाड़ ही नहीं, बल्कि विंटर लाइन भी यहां की पहचान बन सकती है. बस जरूरत है इसे सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की.
इसके साथ ही एसोसिएशन ने उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद से हर साल विंटर कार्निवाल की तारीखें पहले से निर्धारित करने की मांग की है.
एसोसिएशन का कहना है कि कार्निवाल की तारीखों को वार्षिक कैलेंडर में शामिल किया जाए, ताकि पर्यटन विभाग और होटल कारोबारी समय रहते इसका प्रचार कर सकें. अगर तारीखें पहले से पता होंगी तो पर्यटक भी पहले से अपनी यात्रा की प्लानिंग कर सकेंगे और होटल बुकिंग भी आसानी से हो सकेगी.
क्रिसमस और नए साल की छुट्टियों में परिवारों के साथ ही शादी के सीजन के बाद कपल्स भी नैनीताल पहुंचते हैं. ऐसे में विंटर लाइन को पर्यटन से जोड़ना शीतकालीन पर्यटन को नई पहचान दे सकता है.
होटल कारोबारियों का मानना है कि अगर विंटर लाइन और विंटर कार्निवाल का सही प्रचार हो तो नैनीताल सिर्फ गर्मियों की ही नहीं, बल्कि सर्दियों की भी पहली पसंद बन सकता है.
–
एबीएम
Skip to content