
New Delhi, 10 नवंबर . प्रसिद्ध नवगीतकार उमाकांत मालवीय की 11 नवंबर को पुण्यतिथि है. अपनी चर्चित कविता ‘एक चाय की चुस्की’ से साहित्य जगत में विशेष पहचान बनाने वाले उमाकांत मालवीय ने नवगीत विधा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. उनके गीतों में प्रेम, प्रकृति और जीवन की सहज अनुभूतियां दिखाई देती हैं.
उमाकांत मालवीय ने प्रयाग विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की और महालेखाकार कार्यालय में अपनी सेवाएं शुरू कीं. पिता के निधन के बाद वे इलाहाबाद (वर्तमान प्रयागराज) आए और यहीं के होकर रह गए. रसूलाबाद के पास मेंहदौरी आवासीय योजना में उन्होंने अपना आशियाना बनाया, जिसका नाम ‘रामेश्वरम्’ रखा. हालांकि, वे इस घर में अधिक समय तक नहीं रह सके. 11 नवंबर, 1982 को मात्र 42 वर्ष की आयु में उनका असमय निधन हो गया.
60 के दशक में हिंदी साहित्य में नई कविता का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा था. उस दौर में पारंपरिक गीतों को आधुनिक जीवन की जटिलताओं को व्यक्त करने में कम सक्षम माना जाने लगा था. ऐसे समय में उमाकांत मालवीय ने नवगीत के माध्यम से गीत विधा को नई वैचारिक दृष्टि और अभिव्यक्ति प्रदान की. नई कविता और नवलेखन की प्रतिष्ठित संस्था ‘परिमल’ से जुड़कर उन्होंने अपनी रचनात्मक प्रतिभा को और निखारा.
उन्होंने गीतों को केवल भावुकता तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उनमें सामाजिक, Political और नैतिक प्रश्नों को भी प्रमुखता से उठाया. बनारस में धूमिल जैसे प्रखर कवियों के साथ उनकी बौद्धिक बहसें भी चर्चित रहीं. कविता के वाचिक पक्ष को महत्व देते हुए उन्होंने नवगीत को नई कविता के समकक्ष स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. शंभुनाथ सिंह उन्हें सम्मानपूर्वक ‘नवगीत का भागीरथ’ कहा करते थे.
उमाकांत मालवीय के गीतों में नए बिंबों, उपमानों और उपमेयों का अद्भुत संसार मिलता है. उनके रचनाकर्म में बारिश, बसंत और शरद जैसी प्राकृतिक ऋतुओं का बेहद सुंदर चित्रण है. शुरुआती दौर के रोमानी गीतों के कारण उन्हें एक खास छवि में बांधने की कोशिश हुई, लेकिन उन्होंने हर बार अपनी रचनात्मकता से उस छवि को तोड़ा.
उनकी प्रसिद्ध पंक्तियां, ‘एक चाय की चुस्की, एक कहकहा, अपना तो इतना सामान ही रहा’, उनके सहज जीवन-दर्शन और वैराग्य को व्यक्त करती हैं. वहीं ‘झंडे रह जाएंगे, आदमी नहीं…’ जैसी पंक्तियां जीवन की नश्वरता का बोध कराती हैं. वहीं सामाजिक विसंगतियों, Political विडंबनाओं और मानवीय मूल्यों के क्षरण पर तीखा प्रहार भी मिलता है. यही विशिष्टता उन्हें अपने समय के अन्य गीतकारों से अलग पहचान देती है.
कवि सम्मेलनों के संजीदा संचालक और ट्रेड यूनियन गतिविधियों में सक्रिय उमाकांत मालवीय का व्यक्तित्व बहुआयामी था. उनका साहित्य आज भी नवगीत की समृद्ध परंपरा और हिंदी कविता में उनके महत्वपूर्ण योगदान की याद दिलाता है.
–
एएस
Skip to content