नमो भारत ने रचा इतिहास, 5 करोड़ यात्रियों ने किया सफर, महज 93 दिनों में एक करोड़ नई यात्राएं दर्ज

गाजियाबाद, 11 नवंबर . दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ के बीच तेज और आधुनिक क्षेत्रीय कनेक्टिविटी उपलब्ध करा रही देश की पहली नमो India ट्रेन ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. नमो India कॉरिडोर पर यात्रियों की कुल संख्या 5 करोड़ कम्यूटर जर्नी के पार पहुंच गई है. खास बात यह है कि यात्रियों की संख्या में लगातार तेजी आ रही है. कॉरिडोर पर आखिरी एक करोड़ कम्यूटर जर्नी महज 93 दिनों में दर्ज की गई हैं. यह उपलब्धि दर्शाती है कि नमो India अब दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए आवागमन का एक महत्वपूर्ण साधन बनती जा रही है.

एनसीआरटीसी के अनुसार, नमो India कॉरिडोर पर परिचालन की शुरुआत 21 अक्टूबर 2023 को साहिबाबाद से दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिक खंड से हुई थी. इसके बाद यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा होता गया. परिचालन शुरू होने के 574 दिनों बाद यानी 16 मई 2025 को कॉरिडोर ने पहली बार एक करोड़ कम्यूटर जर्नी का आंकड़ा पार किया था. इसके बाद 11 दिसंबर 2025 को 211 दिनों में दो करोड़ यात्रियों का आंकड़ा पूरा हुआ.

वहीं, 2 मई 2026 को 143 दिनों में तीन करोड़ और 10 अगस्त 2026 को महज 101 दिनों में चार करोड़ कम्यूटर जर्नी दर्ज की गईं. अब 10 नवंबर 2026 को पांच करोड़ का आंकड़ा पार हो गया. इस बार केवल 93 दिनों में एक करोड़ नई कम्यूटर जर्नी दर्ज की गईं. पिछले एक साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो नमो India की लोकप्रियता में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है. दिसंबर 2025 में कॉरिडोर पर दो करोड़ कम्यूटर जर्नी दर्ज थीं, जो नवंबर 2026 तक बढ़कर पांच करोड़ हो गईं. यानी पिछले एक साल में तीन करोड़ से अधिक यात्रियों की यात्राएं दर्ज की गईं.

इसी दौरान 22 फरवरी 2026 को संपूर्ण नमो India कॉरिडोर के साथ मेरठ मेट्रो का भी यात्रियों के लिए परिचालन शुरू किया गया था. इसके बाद दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी और बेहतर हुई है. पिछले तीन महीनों के आंकड़े भी नमो India की बढ़ती लोकप्रियता की कहानी बयां कर रहे हैं. अगस्त 2026 में कॉरिडोर पर कुल 35.25 लाख कम्यूटर जर्नी दर्ज की गईं. इस दौरान औसत दैनिक राइडरशिप 1,13,708 रही. वहीं, 28 अगस्त को 1,68,666 यात्रियों ने सफर किया, जो अब तक की सर्वाधिक दैनिक राइडरशिप है. सितंबर 2026 में भी यात्रियों की संख्या 32.41 लाख के आसपास रही. इस महीने औसत दैनिक राइडरशिप 1,08,043 दर्ज की गई. अक्टूबर में कुल 33.49 लाख कम्यूटर जर्नी रिकॉर्ड की गईं और औसत दैनिक राइडरशिप 1,08,049 रही. लगातार तीन महीनों तक हर महीने 32 लाख से अधिक यात्रियों का सफर करना इस बात का संकेत है कि नमो India लोगों की रोजमर्रा की यात्रा का अहम हिस्सा बन रही है.

नमो India ट्रेन के प्रति यात्रियों का भरोसा बढ़ने के पीछे तेज रफ्तार, वातानुकूलित कोच, विश्वसनीय परिचालन और बेहतर मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी को प्रमुख वजह माना जा रहा है. दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच नौकरी, शिक्षा, कारोबार और अन्य कामों के लिए रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को इससे काफी सहूलियत मिली है. सड़क मार्ग पर लगने वाले जाम और खराब मौसम के दौरान भी यह यात्रियों को एक बेहतर विकल्प उपलब्ध कराती है. इसके अलावा, दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेलवे, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों और सिटी बस सेवाओं के साथ नमो India का इंटरचेंज यात्रियों के सफर को आसान बनाता है.

मेरठ में नमो India के बुनियादी ढांचे पर ही मेरठ मेट्रो का संचालन भी एक महत्वपूर्ण पहल है. इससे शहर के भीतर और क्षेत्रीय स्तर पर आवागमन की सुविधा बेहतर हुई है. नमो India कॉरिडोर की परिचालन व्यवस्था और उपलब्धियों की Prime Minister भी सराहना कर चुके हैं. उन्होंने इस परियोजना को सुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने, 160 किलोमीटर प्रति घंटे की परिचालन गति और 99 प्रतिशत से अधिक समयबद्धता की विशेष रूप से प्रशंसा की है. हाल ही में भुवनेश्वर में आयोजित अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस एवं एक्सपो 2026 में भी नमो India कॉरिडोर को सम्मानित किया गया.

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने एनसीआरटीसी को दिल्ली-मेरठ नमो India कॉरिडोर के लिए ‘बेस्ट कम्यूटर सर्विसेज एंड सैटिस्फैक्शन’ पुरस्कार प्रदान किया. यह सम्मान यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं और कॉरिडोर की बेहतर परिचालन व्यवस्था को दर्शाता है. नमो India कॉरिडोर पर परिचालन की शुरुआत 21 अक्टूबर 2023 को साहिबाबाद-दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर से हुई. इसके बाद 6 मार्च 2024 को दुहाई डिपो से मोदीनगर नॉर्थ तक 17 किलोमीटर और 18 अगस्त 2024 को मोदीनगर नॉर्थ से मेरठ साउथ तक आठ किलोमीटर का खंड शुरू किया गया.

5 जनवरी 2025 को साहिबाबाद से आनंद विहार तक 13 किलोमीटर का हिस्सा परिचालन में आया. इसके बाद 22 फरवरी 2026 को सराय काले खां से न्यू अशोक नगर और मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक के खंडों के साथ मेरठ मेट्रो का परिचालन भी शुरू हुआ. इस तरह पूरा कॉरिडोर यात्रियों के लिए उपलब्ध हो गया.

पांच करोड़ कम्यूटर जर्नी का आंकड़ा पार करना केवल यात्रियों की बढ़ती संख्या का रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि यह आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के प्रति लोगों के बदलते नजरिये और नमो India की स्वीकार्यता को भी दर्शाता है. लगातार कम होते माइलस्टोन के समय से साफ है कि दिल्ली-एनसीआर में क्षेत्रीय परिवहन के क्षेत्र में नमो India अपनी मजबूत पहचान बना रही है.

–

पीकेटी/डीकेपी