‘दुनिया को दिखाना चाहता हूं आपने मुझे क्या दिया’, शाजी कुमार को याद कर भावुक हुए थरुन मूर्ति

Mumbai , 16 नवंबर . मलयालम सिनेमा के मशहूर सिनेमैटोग्राफर शाजी कुमार के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक है. अब Actor मोहनलाल की आने वाली फिल्म ‘अथिमनोहरम’ के निर्देशक थरुन मूर्ति ने उन्हें याद करते हुए एक भावुक पोस्ट शेयर किया है. निर्देशक ने शाजी कुमार के साथ अपनी आखिरी तस्वीर साझा की और बताया कि उनका जाना उनके लिए करियर और निजी जिंदगी, दोनों का बहुत बड़ा नुकसान है.

थरुन मूर्ति ने इंस्टाग्राम पर शाजी कुमार के साथ अपनी आखिरी तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, ”हां, यह हमारी साथ की आखिरी तस्वीर है. मैं उनके बारे में जितना लिखूं, कम ही होगा. मैं यह भी ठीक से नहीं समझा सकता कि वह मेरे लिए क्या मायने रखते थे.”

उन्होंने आगे लिखा, ”एक समय मुझे लगता था कि सिनेमा को लेकर मेरी सोच, नजरिया और पसंद शाजी कुमार से बिल्कुल अलग है. मुझे लगता था कि हम दोनों फिल्म निर्माण के मामले में एक-दूसरे के विपरीत हैं. लेकिन धीरे-धीरे साथ काम करने और बातचीत के दौरान मेरी ये सोच बदलने लगी.”

निर्देशक ने कहा, ”साथ काम करने, लंबी यात्राओं, फोन पर बातचीत और लगातार मैसेज के जरिए हम दोनों एक-दूसरे को बेहतर समझने लगे. मुझे पता ही नहीं चला कि कब कला को लेकर हमारी सोच एक जैसी हो गई. धीरे-धीरे हमारी पसंद, नजरिया और काम करने का उद्देश्य भी एक हो गया.”

उन्होंने आगे लिखा, ”इंडस्ट्री के सबसे वरिष्ठ लोगों में से एक होने के बावजूद शाजी कुमार हमेशा मुझे जमीन से जुड़े रहने, हालात को समझने और सही नजरिया बनाए रखने की सलाह देते थे.” निर्देशक ने कहा कि उनके लिए यह उनके करियर और जिंदगी का बहुत बड़ा नुकसान है. वह हमेशा उनकी मौजूदगी को याद करेंगे.

अपनी पोस्ट के आखिर में थरुन मूर्ति ने दोनों के बीच होने वाली एक खास बातचीत को भी याद किया. उन्होंने लिखा, ”मुझे आवाज लगाना बहुत याद आएगा- ‘शाजियेट्टा…’ और आपका तुरंत जवाब देना- ‘रेडी, सर!’. शाजियेट्टा, आपकी बहुत याद आएगी. मैं बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं कि दुनिया को दिखा सकूं कि आपने ‘अथिमनोहरम’ के जरिए मुझे क्या दिया है. उम्मीद है कि दुनिया कहेगी- यह आपका अब तक का सबसे बेहतरीन काम है.”

बता दें कि मशहूर सिनेमैटोग्राफर शाजी कुमार का पिछले सप्ताह कोच्चि के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था. वह 57 साल के थे. उनके अचानक निधन से पूरी मलयालम फिल्म इंडस्ट्री सदमे में है. वह इन दिनों Actor दिलीप की मुख्य भूमिका वाली एक फिल्म पर काम कर रहे थे.

शाजी कुमार ने मलयालम सिनेमा में अपने करियर की शुरुआत Actor जयराम की फिल्म ‘उत्तमन’ से की थी. अपने लंबे करियर में उन्होंने 50 से ज्यादा फिल्मों की सिनेमैटोग्राफी की. इनमें से कई फिल्में सुपरहिट और ब्लॉकबस्टर साबित हुईं. उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘पुलिमुरुगन’, ‘थुडारुम’, ‘ओडियन’, ‘पथोनपथम नूट्टांडु’ और ‘रामलीला’ शामिल हैं.

–

पीके/एएस