
Mumbai , 24 नवंबर . गुरु नानक जयंती के मौके पर Actor अर्जन बाजवा ने इस खास दिन से जुड़ी बचपन की कई खूबसूरत यादें साझा की. उन्होंने बताया कि इस मौके पर वह स्कूल के दिनों में लाल किले से चांदनी चौक तक निकलने वाले बड़े जुलूस में शामिल हुआ करते थे. गुरुद्वारे जाना, घर को रोशनी से सजाना और स्कूल में होने वाले कार्यक्रमों में हिस्सा लेना उनके लिए इस त्योहार का खास हिस्सा हुआ करता था.
अर्जन बाजवा ने बचपन को याद करते हुए बताया, ”जब भी मैं गुरु नानक जयंती के बारे में सोचता हूं, तो सबसे पहले स्कूल के दिन याद आते हैं. उस समय दिल्ली में लाल किले से लेकर चांदनी चौक तक एक बहुत बड़ा जुलूस निकला करता था, जिसमें हम शामिल होते थे. यह दिन गुरुद्वारे जाने, घर को रोशनी से सजाने और दीप जलाने का होता था. स्कूल में भी किसी तरह का कार्यक्रम आयोजित किया जाता था. इसके साथ ही दिल्ली में कड़ाके की सर्दियों का मौसम भी शुरू हो जाता था.”
उन्होंने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं पर बात करते हुए कहा, ”उन्होंने समाज में फैले ऊंच-नीच और जाति के भेदभाव को खत्म करने का संदेश दिया था. उन्होंने अलग-अलग वर्गों और आर्थिक स्थिति के लोगों को एक साथ लाने का काम किया. गुरु नानक देव जी ने किसान से लेकर राजा तक सभी को एक समान समझने की सीख दी.”
अर्जन बाजवा ने लंगर की परंपरा का उदाहरण देते हुए बताया, ”यहां दुनिया का सबसे बड़ा व्यक्ति हो या कोई साधारण किसान, सभी एक ही जगह जमीन पर बैठकर भोजन करते हैं. सिख धर्म में सभी इंसानों को बराबर समझने की भावना है. यही गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं की सबसे खास बात है, जो आज भी लोगों को एक-दूसरे से जोड़ती है.”
उन्होंने कहा, ”अगर आप रोजमर्रा की जिंदगी में इन सभी बातों को अपनाते हैं और हर चीज के लिए आभार जताते हैं, तो आपका नजरिया अपने आप गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं के करीब पहुंचने लगता है. इसके लिए आपको किसी खास दिन अलग से कोशिश करने की जरूरत नहीं पड़ती. इसके बजाय आपका हर दिन एक उत्सव बन जाता है और हर दिन खूबसूरत लगने लगता है.”
–
पीके/एबीएम
Skip to content