
New Delhi, 2 नवंबर . दिल्ली Police की क्राइम ब्रांच ने गोल्फ लिंक्स इलाके में हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है. Police ने 50 हजार रुपये के इनामी और फरार चल रहे मुख्य आरोपी को बिहार के मधुबनी से गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपी की पहचान 22 वर्षीय सुशील कुमार के रूप में हुई है, जो डकैती वाले घर में घरेलू नौकर के तौर पर काम करता था. यह सफल ऑपरेशन क्राइम ब्रांच के एंटी-एक्सटॉर्शन एंड किडनैपिंग सेल (एईकेसी) ने किया. इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व इंस्पेक्टर वीर सिंह ने किया जबकि निगरानी एसीपी पंकज अरोड़ा और डीसीपी (क्राइम ब्रांच) संजीव कुमार यादव ने की.
Police के अनुसार यह मामला 16 अप्रैल 2026 का है जब New Delhi के बेहद पॉश इलाके गोल्फ लिंक्स स्थित मकान नंबर 187 में 7 से 8 हथियारबंद हमलावर घुस गए. यह घर 76 वर्षीय व्यवसायी अशोक चावला का है. तलवारों और अन्य घातक हथियारों से लैस बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, उन्हें धमकाया और 30 से 35 लाख रुपये नकद और कीमती गहने लूटकर फरार हो गए.
जांच में खुलासा हुआ कि इस पूरी वारदात में घर के नए नौकर सुशील कुमार की मिलीभगत थी. घटना के बाद तुगलक रोड थाने में मामला दर्ज किया गया था. Police ने इस मामले में पहले ही 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था लेकिन सुशील कुमार फरार हो गया था.
फरार होने के बाद न्यायालय ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 84 के तहत कानूनी कार्यवाही शुरू की गई. अपराध की गंभीरता को देखते हुए 22 अक्टूबर को उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया था.
दिल्ली क्राइम ब्रांच की विभिन्न इकाइयों को दिल्ली और अन्य राज्यों में सक्रिय कुख्यात, इनामी और फरार अपराधियों को पकड़ने का टास्क दिया गया था. एडवांस्ड तकनीकी निगरानी और जमीनी स्तर पर की गई कड़ी मेहनत के बाद Police को बिहार में उसके छिपे होने की सटीक जानकारी मिली.
जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर वीर सिंह ने एक विशेष रेड टीम का गठन किया. सब-इंस्पेक्टर इमरान और अंकुर के नेतृत्व वाली इस टीम में एएसआई दीपचंद, एएसआई उमेश कुमार और हेड constable योगराज, मनोज, संदीप, मनीष, मुकेश चौधरी और अनूप शामिल थे. टीम को बिहार के मधुबनी भेजा गया.
इलाका संवेदनशील और नेपाल सीमा के करीब होने के कारण आरोपी को पकड़ना आसान नहीं था. 31 अक्टूबर को टीम ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए मधुबनी जिले के घोघरडीहा रेलवे स्टेशन के पास सुशील कुमार को घेर कर गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद 1 नवंबर को आरोपी को New Delhi के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया.
–
एससीएच/पीएम
Skip to content