दिल्ली के इस अस्पताल में 60 सीनियर रेजिडेंट पदों पर निकली भर्ती, इस दिन वॉक-इन इंटरव्यू

New Delhi, 12 अक्टूबर . मेडिकल क्षेत्र से जुड़े जो लोग नौकरी की तलाश में जुटे हैं, उनके लिए लोक नायक अस्पताल (एलएनएच), दिल्ली ने अपने विभिन्न विभागों में एडहॉक आधार पर 44 दिनों के लिए सीनियर रेजिडेंट के कुल 60 पदों पर पात्र और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया है.

लोक नायक अस्पताल (एलएनएच), दिल्ली की ओर से जिन विभागों में सीनियर रेजिडेंट के 60 पदों पर वैकेंसी निकाली गई है, उनमें मेडिसिन में 3, बायोकेमिस्ट्री में 1, जनरल सर्जरी में 7, बर्न्स और प्लास्टिक में 10, पीडियाट्रिक्स में 7, नियोनेटोलॉजी में 2, रेडियोथेरेपी में 1, न्यूरोसर्जरी में 10, न्यूरो-एनेस्थीसिया में 2, एनेस्थीसिया में 15 और मेडिकल जेनेटिक्स में 2 पद शामिल हैं.

सीनियर रेजिडेंट के इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 67,700 से 2,08,700 रुपए के बीच प्रति माह होगी. इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे.

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित स्पेशलिटी के अनुसार पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री/डिप्लोमा (पीजी/डीएनबी/एमएस/एमडी) होना चाहिए.

वॉक-इन इंटरव्यू हर महीने के दूसरे और आखिरी Tuesday को सुबह 10:30 बजे से ‘कॉन्फ्रेंस हॉल, मेडिकल निदेशक, लोक नायक अस्पताल’ पते पर आयोजित किए जाएंगे. ऐसे में जो अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर रिपोर्ट करने के अलावा, अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है.

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले लोक नायक अस्पताल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. वहां संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट निकाल लें. फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन अपने साथ केंद्र पर ले जाएं.

–आईएएएस

डीके/एबीएम