दिल्ली-एनसीआर में मौसम हुआ सुहावना, तापमान में आई गिरावट; बढ़ा प्रदूषण का खतरा

New Delhi, 9 अक्टूबर . राजधानी दिल्ली और एनसीआर (नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद) के लोगों को अब उमस भरी गर्मी से राहत मिलती दिख रही है. लेकिन दिल्ली में बदलते मौसम के साथ पॉल्यूशन का स्तर भी बढ़ता नजर आ रहा है. जहां एक तरफ लोग सुबह-सुबह घूमने के लिए घर से निकल रहे हैं, तो वहीं पॉल्यूशन की मार भी झेलनी पड़ रही है.

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर का मौसम काफी सुहावना और साफ रहने वाला है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान में अगले कुछ दिनों तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और धूप खिलने की संभावना जताई गई है. सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे दिन का मौसम पहले से कहीं ज्यादा सुहावना हो गया है. सुबह और शाम के वक्त हल्की गुलाबी ठंड ने मौसम को और भी आकर्षक बना दिया है.

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 9 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. इस दिन अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. हवा में नमी का स्तर सुबह 85 प्रतिशत और शाम को 65 प्रतिशत रह सकता है. इसके बाद 10 अक्टूबर को तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी. इस दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. आसमान में फिर से आंशिक बादल छाए रहेंगे और नमी 85 से 65 प्रतिशत के बीच रहेगी.

वहीं, 11 अक्टूबर को भी मौसम 10 अक्टूबर जैसा ही रहेगा. तापमान 32 डिग्री से 23 डिग्री के बीच रहेगा और आंशिक बादलों के साथ मौसम सुहावना बना रहेगा. अगर हम 12 अक्टूबर के पूर्वानुमान की बात करें, तो इस दिन आसमान मुख्यतः साफ रहेगा. अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा. हवा में नमी का स्तर 80 से 60 प्रतिशत के बीच रहेगा.

13 और 14 अक्टूबर को दिल्ली वालों को भरपूर धूप का आनंद मिलेगा. दोनों ही दिन आसमान मुख्यतः साफ रहेगा. 13 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है. वहीं, 14 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अक्टूबर के महीने में तापमान में हो रही यह गिरावट बेहद सामान्य है. दिन में धूप तेज हो सकती है, लेकिन शाम होते-होते ठंडी हवाएं चलने लगेंगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

–

पीकेटी/वीकेयू