दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल: साउथ के खिलाफ नॉर्थ जोन ने दूसरी पारी में गंवाए 7 विकेट, रोमांचक हुआ मुकाबला

Bengaluru, 1 सितंबर . दलीप ट्रॉफी 2026 में साउथ जोन और नॉर्थ जोन के बीच Bengaluru स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-2 में जारी सेमीफाइनल-2 रोमांचक मोड़ पर है. अपनी दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरी नॉर्थ जोन की टीम ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 7 विकेट खोकर 256 रन बना लिए हैं. टीम के पास फिलहाल 139 रन की बढ़त है. ऐसे में साउथ जोन मुकाबले के अंतिम दिन विपक्षी टीम को जल्द समेटकर आसान लक्ष्य हासिल करना चाहेगी.

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी नॉर्थ जोन पहली पारी में 195 रन पर सिमट गई. इस टीम ने 18 के स्कोर तक पहला विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद कामरान इकबाल ने आयुष दोसेजा (23) के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 रन जुटाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद नॉर्थ जोन बिखरने लगी. आलम ये रहा कि 95 के स्कोर तक चौथा विकेट भी गिर गया.

इसके बाद कामरान ने कप्तान कन्हैया वधावन (35) के साथ पांचवें विकेट के लिए 66 रन जुटाकर टीम को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाया. कामरान 11 बाउंड्री के साथ 76 रन बनाकर आउट हुए. विपक्षी खेमे से विद्वथ कावेरप्पा ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले, जबकि एम. निधीश और तनय त्यागराजन ने 2-2 विकेट झटके.

इसके जवाब में साउथ जोन ने अपनी पहली पारी में 312 रन बनाकर 117 रन की बढ़त हासिल की. इस टीम ने 80 रन तक 5 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद तिलक वर्मा ने कप्तानी पारी खेलते हुए श्रेयस गोपाल के साथ छठे विकेट के लिए 175 रन जोड़कर टीम को 255 के स्कोर तक पहुंचाया. श्रेयस 11 चौकों के साथ 87 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तिलक 9 चौकों के साथ 116 रन बनाकर नाबाद रहे. विपक्षी खेमे से गुरनूर बरार ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि अर्शदीप सिंह और अंशुल कंबोज ने 2-2 विकेट झटके.

नॉर्थ जोन ने अपनी दूसरी पारी में महज 25 के स्कोर पर कामरान इकबाल (4) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद आयुष दोसेजा ने सनथ सांगवान के साथ दूसरे विकेट के लिए 104 रन जुटाकर टीम को 129 के स्कोर तक पहुंचाया. दोसेजा 52 रन बनाकर आउट हुए.

यहां से आयुष बडोनी (31) ने सनथ सांगवान (76) के साथ तीसरे विकेट के लिए 46 रन जुटाकर टीम को 175 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद विकेटों का पतझड़ लग गया. आलम ये रहा कि 209 रन तक 7 विकेट गिर गए. हालांकि, अंशुल कंबोज ने निशांत संधू के साथ दिन की समाप्ति तक आठवें विकेट के लिए 47 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम की बढ़त को कुछ और मजबूत किया. इस पारी में एमडी निधीश, कावूरी साईतेजा और श्रेयस गोपाल 2-2 विकेट हासिल कर चुके हैं.

आरएसजी