दक्षिण कोरिया में ड्रग्स तस्करों पर शिकंजा; 8 महीने में गिरफ्तारी 33 प्रतिशत बढ़ी, 174 तस्कर पकड़े

सोल, 5 अक्टूबर . दक्षिण कोरिया में ड्रग्स की तस्करी और उसे बनाने के आरोप में गिरफ्तार लोगों की संख्या इस साल के पहले आठ महीनों में पिछले साल की तुलना में 30 प्रत‍िशत से ज्‍यादा बढ़ गई है.

कोरियन नेशनल Police एजेंसी के तहत आने वाले नेशनल ऑफिस ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एनओआई) ने बताया कि जनवरी से अगस्त के बीच ड्रग्स बनाने और उनकी तस्करी के आरोप में 174 लोगों को गिरफ्तार किया गया. पिछले साल इसी अवधि में यह संख्या 130 थी. यानी इस साल इसमें 33.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है.

योनहाप न्यूज एजेंसी के मुताबिक, ड्रग्स बेचने के आरोप में गिरफ्तार लोगों की संख्या भी पिछले साल के मुकाबले 6.6 प्रतिशत बढ़कर 3,396 हो गई.

इस दौरान ड्रग्स से जुड़े अलग-अलग अपराधों में कुल 9,530 लोगों को पकड़ा गया, जो पिछले साल के मुकाबले 5.3 प्रतिशत ज्यादा है. इनमें मेडिकल ड्रग्स से जुड़े मामलों में 706 लोगों को गिरफ्तार किया गया. यह संख्या पिछले साल की तुलना में 11.9 प्रतिशत ज्यादा है.

Police ने इस साल खास तौर पर ड्रग्स की सप्लाई के स्रोतों और उनके डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को तोड़ने पर अपना ध्यान लगाया है.

एक बड़े मामले में Police कुख्यात ड्रग तस्कर पार्क वांग-योल को फिलीपींस से वापस दक्षिण कोरिया लेकर आई और गिरफ्तार किया. पार्क फिलीपींस में तीन दक्षिण कोरियाई नागरिकों की हत्या के शक में जेल में बंद था. उस पर दक्षिण कोरिया में खरीदारों तक ड्रग्स पहुंचाने का भी शक है.

Police ने पार्क से जुड़े करीब 6.3 अरब वॉन (लगभग 46.9 लाख अमेरिकी डॉलर) के ड्रग्स का पता लगाया. इनमें 12.7 किलोग्राम मेथामफेटामाइन भी शामिल था. इसके अलावा उससे जुड़े अपराध से कमाए गए करीब 8.63 अरब वॉन का भी पता चला.

इसके बाद दक्षिण कोरियाई Police ने थाईलैंड के अधिकारियों के साथ मिलकर पार्क के लिए ड्रग्स सप्लाई करने वाले अहम आरोपी चोई ब्योंग-मिन को गिरफ्तार किया और उसे दक्षिण कोरिया वापस लाया गया.

जांच के दौरान उससे जुड़े 41 और अपराधों का पता चला. अधिकारियों ने करीब 6 अरब वॉन की अवैध कमाई की भी पहचान की, जिसे आरोप तय होने से पहले ही जब्त कर लिया गया.

नेशनल ऑफिस ऑफ इन्वेस्टिगेशन ने कहा कि आगे वह संबंधित एजेंसियों और दूसरे देशों के अधिकारियों के साथ सहयोग और मजबूत करेगा. इसी कोशिश के तहत Police एजेंसी अगले महीने ड्रग्स के मुद्दे पर एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगी और दूसरे देशों के साथ सहयोग का दायरा बढ़ाएगी.

–

एवाई/पीएम