
तिरुवनंतपुरम, 25 नवंबर . केरल के कथित चिकित्सा लापरवाही मामले में त्रिशूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एक बंद शौचालय में 77 वर्षीय मरीज का शव करीब 36 घंटों तक किसी की नजर में नहीं आया. इस घटना के बाद विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए हैं और मामले की विस्तृत जांच की मांग की जा रही है.
मृतक, मकुट्टी राउथेर को 16 नवंबर को अस्पताल में एक अज्ञात मरीज के रूप में भर्ती कराया गया था. उनके साथ कोई रिश्तेदार या परिचित नहीं था.
19 नवंबर को वे मेडिसिन वार्ड से लापता हो गए. अस्पताल प्रशासन द्वारा तलाशी लिए जाने के बाद 21 नवंबर को वार्ड से जुड़े एक शौचालय में उनका शव मिला.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला कि शव मिलने से लगभग 36 घंटे पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी. इससे यह गंभीर सवाल खड़ा होता है कि अस्पताल के शौचालय में इतने लंबे समय तक शव किसी की नजर में क्यों नहीं आया.
Union Minister और त्रिशूर के सांसद सुरेश गोपी ने कहा कि अगर मृतक के परिजन चाहें तो दोबारा पोस्टमॉर्टम कराया जाना चाहिए.उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब मौत के हालात और शव मिलने में हुई देरी को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं.
स्थानीय सीपीआई विधायक और पूर्व राज्य मंत्री के. राजन ने इस घटना को बेहद अजीब बताया और कहा कि एक विशेष टीम द्वारा इसकी विस्तृत जांच की जानी चाहिए.
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह पता लगाना जरूरी है कि मरीज कैसे लापता हुआ और इतने लंबे समय तक उसका शव किसी को क्यों नहीं दिखा.
इस बीच वामपंथी युवा संगठनों ने अस्पताल प्रशासन के ‘लापरवाह रवैये’ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने इस घटना के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की.
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जिस शौचालय में शव मिला, उसकी एक दिन पहले ही सफाई की गई थी.
मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. लिजो ने बताया कि अस्पताल में शौचालयों की रोजाना सफाई होती है और कर्मचारियों ने पुष्टि की है कि उस शौचालय की भी सफाई की गई थी.
मरीज के लापता होने के बाद प्रशासन ने Police में शिकायत दर्ज कराई थी. उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए cctv फुटेज खंगाले गए और कर्मचारियों से 19 से 21 नवंबर के बीच शौचालय की सफाई को लेकर पूछताछ की गई.
कर्मचारियों का कहना है कि शौचालय की सफाई की गई थी. हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह सामने आने के बाद कि मरीज की मौत लगभग 36 घंटे पहले हो चुकी थी, अस्पताल के स्पष्टीकरण पर सवाल उठने लगे हैं.
सबसे बड़ा सवाल यह है कि नियमित सफाई के बावजूद कोई मरीज वार्ड से कैसे गायब हो सकता है और शौचालय के अंदर मृत पड़ा रह सकता है, जबकि किसी को इसका पता तक नहीं चला.
इस घटना ने अस्पताल में साफ-सफाई की खराब स्थिति को लेकर पुरानी शिकायतों को फिर से हवा दे दी है. अधीक्षक ने बताया कि शौचालयों की स्थिति को लेकर मिली शिकायतों के समाधान के लिए पहले ही कदम उठाए जा चुके हैं.
Political नेताओं द्वारा गहन जांच की मांग और अस्पताल परिसर में हो रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच, इस घटना ने एक बड़े सरकारी मेडिकल कॉलेज में मरीजों की सुरक्षा और बुनियादी जवाबदेही को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं.
–
डीके/डीकेपी
Skip to content