तमिलनाडु आयुध पूजा की भीड़: तीन दिनों में 9,571 बस सेवाओं के जरिए चेन्नई से 4.15 लाख लोगों ने की यात्रा

चेन्नई, 18 अक्टूबर . तमिलनाडु में आयुध पूजा के लिए लोग बड़ी संख्या में यात्रा कर रहे हैं. बीते तीन दिनों में 9,571 बस सेवाओं के जरिए चेन्नई से 4.15 लाख लोगों ने यात्रा की. आयुध पूजा की छुट्टियों से पहले की भीड़ को देखते हुए ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों ने अपनी सेवाएं बढ़ाईं, जिसके चलते तीन दिनों में 9,571 बस सेवाओं के जरिए कुल 4.15 लाख यात्रियों ने चेन्नई से यात्रा की.

चेन्नई के पांच बस टर्मिनलों से 15 अक्टूबर से 17 अक्टूबर की आधी रात तक बसें चलाई गईं. इन व्यवस्थाओं में नियमित दैनिक सेवाएं, राज्य परिवहन निगमों की ओर से चलाई गई अतिरिक्त बसें और छुट्टियों की भीड़ को देखते हुए लगाई गई निजी बसें शामिल थीं.

इस दौरान कुल 9,571 सेवाएं दी गईं, जिनमें से 6,573 नियमित दैनिक सेवाएं थीं और 2,998 विशेष सेवाएं थीं. इन अतिरिक्त सेवाओं में राज्य परिवहन निगम की 2,528 बसें और 470 निजी बसें शामिल थीं.

यात्रियों ने किलाम्बक्कम स्थित ‘कलैग्नार सेंटेनरी बस टर्मिनस’, कोयम्बेडु स्थित ‘पुरची थलाइवर डॉ. एमजीआर बस टर्मिनस’ और ‘माधावरम न्यू बस टर्मिनस’ से बसें लीं. इसके अलावा, सीएमडीए क्लाइमेट पार्क और मारैमलाई नगर में बनाए गए अस्थायी बस स्टैंडों से भी विशेष सेवाएं चलाई गईं. इस दौरान यात्रियों और सेवाओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई. 17 अक्टूबर को सबसे ज्यादा संख्या दर्ज की गई.

15 अक्टूबर को ऑपरेटरों ने 2,546 सेवाएं चलाईं, जिनमें 2,191 नियमित बसें और 355 विशेष बसें शामिल थीं. इन सेवाओं के जरिए चेन्नई से लगभग 1.15 लाख यात्रियों ने सफर किया. अगले दिन, सेवाओं की संख्या बढ़कर 3,346 हो गई, जिसमें 2,191 नियमित बसें और 1,155 विशेष बसें शामिल थीं. 16 अक्टूबर की आधी रात तक इन सेवाओं से लगभग 1.47 लाख यात्रियों ने यात्रा की.

17 अक्टूबर को कुल 3,679 सेवाएं चलाई गईं, जिनमें 2,191 नियमित बसें और 1,488 विशेष बसें शामिल थीं. आधी रात तक इन बसों से लगभग 1.53 लाख यात्रियों ने सफर किया, जिससे कुल यात्रियों की संख्या 4.15 लाख तक पहुंच गई.

जहां नियमित बसों की संख्या 2,191 पर स्थिर रही, वहीं विशेष सेवाओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई. पहले दिन 355 से बढ़कर तीसरे दिन यह 1,488 हो गई. इन तीन दिनों के दौरान कुल रवानगी में से लगभग एक तिहाई हिस्सा ‘विशेष सेवाओं’ का रहा.

जारी किए गए आंकड़े में सभी पांच बोर्डिंग पॉइंट्स से हुए कुल परिचालन की जानकारी दी गई है. इसमें तीन मुख्य बस स्टेशनों के साथ-साथ अस्थायी टर्मिनलों का भी उपयोग किया गया, जहां से बसें रवाना हुईं. ये आंकड़े तय अवधि के दौरान चेन्नई से बाहर जाने वाली यात्राओं से संबंधित हैं, जिनमें नियमित सेवाओं और छुट्टियों के लिए चलाई गई अतिरिक्त बसों, दोनों के माध्यम से यात्रा करने वाले यात्री शामिल हैं.

–

एसडी/पीएम