तमिलनाडु: आयुध पूजा की छुट्टियों से पहले बस और हवाई किराए में बड़ी बढ़ोतरी

चेन्नई, 15 अक्टूबर . तमिलनाडु में नवरात्रि के नौवें दिन (महानवमी) के अवसर पर मनाई जाने वाली आयुध पूजा से पहले ही बस और हवाई किराए बढ़ गए हैं. आयुध पूजा की छुट्टियों के लिए चेन्नई से बाहर जाने वाले यात्रियों को परिवहन के लिए काफी ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है. निजी बसों का किराया सामान्य स्तर से कई गुना बढ़ गया है, और कई रूटों पर हवाई किराए में भी भारी उछाल आया है.

चार दिनों की छुट्टियों का सिलसिला 17 और 18 अक्टूबर को वीकेंड के साथ शुरू हो रहा है, जिसके बाद 19 अक्टूबर को आयुध पूजा और 20 अक्टूबर को विजयादशमी मनाया जाएगा. ट्रेनों में रिजर्वेशन पहले ही फुल हो चुके हैं, इसलिए अपने गृहनगर जाने वाले कई लोग अब बस और फ्लाइट की तलाश कर रहे हैं.

यात्रियों की ओर से शिकायत की गई है कि त्योहारों की भीड़ को देखते हुए चेन्नई से दक्षिणी जिलों और अन्य जगहों के लिए प्राइवेट बसों के किराए में भारी बढ़ोतरी हुई है. इससे उन लोगों के लिए यात्रा काफी महंगी हो गई है, जिन्होंने अभी तक टिकट बुक नहीं कराए हैं.

चेन्नई-कन्याकुमारी रूट पर, जो टिकट आमतौर पर 800 से 1,200 रुपये के बीच मिलते थे, उनकी कीमत अब 3,420 रुपये तक पहुंच गई है. तिरुनेलवेली का किराया लगभग 1,300 रुपये से बढ़कर 3,000 रुपये हो गया है जबकि मदुरै का किराया 800 रुपये से बढ़कर 2,500 रुपये हो गया है.

चेन्नई-कोयंबटूर रूट पर जो किराया आमतौर पर 600 से 1,000 रुपये के बीच होता था, वह अब 3,500 रुपये तक पहुंच गया है, जिससे छुट्टियों में यात्रा करने वालों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है.

हवाई यात्रियों को भी किराए में भारी बढ़ोतरी का सामना करना पड़ रहा है, खासकर 16 और 17 अक्टूबर को क्योंकि लंबी छुट्टियों से पहले मांग काफी बढ़ गई है. 16 अक्टूबर के लिए चेन्नई-मदुरै फ्लाइट के टिकट जो लगभग 3,500 से 5,500 रुपये में मिल रहे थे, 17 अक्टूबर के लिए उनकी कीमत 12,026 से 18,626 रुपये के बीच बताई जा रही है.

चेन्नई-कोयंबटूर रूट पर जहां किराया आमतौर पर 3,500 से 4,500 रुपये के आसपास होता है, वह 16 और 17 अक्टूबर के लिए लगभग 11,000 रुपये तक पहुंच गया है. थूथुकुडी के टिकट जो आमतौर पर 4,000 से 5,500 रुपये के बीच मिलते थे, अब 11,736 से 13,626 रुपये में मिल रहे हैं. चेन्नई-कोलकाता का किराया जो आमतौर पर 6,000 से 7,000 रुपये के बीच रहता था, अब बढ़कर 14,117 रुपये हो गए हैं.

किराये में यह बढ़ोतरी तमिलनाडु के भीतर छोटे रूटों पर भी देखने को मिल रही है. चेन्नई-तिरुचिरापल्ली के टिकट जिनकी कीमत आमतौर पर 2,300 से 3,500 रुपये के बीच होती है 16 और 17 अक्टूबर के लिए 6,500 से 9,500 रुपये में मिल रहे हैं. चेन्नई-सलेम रूट पर भी किराया लगभग 1,900-3,800 रुपये से बढ़कर 5,600 से 12,000 रुपये के बीच पहुंच गया है.

–

एसडी/पीएम