
विंडहोक, 31 अगस्त . जिम्बाब्वे ने नामीबिया के खिलाफ Monday को खेले गए टी20 त्रिकोणीय सीरीज 2026 के तीसरे मुकाबले में 5 रन से रोमांचक जीत हासिल की. शानदार ऑलराउंडर प्रदर्शन के लिए ब्रैड इवांस को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.
नामीबिया ने सीरीज के पहले मैच में साउथ अफ्रीका को 18 रन से मात देकर सभी को चौंकाया था, जिसके बाद उसे पहली हार का सामना करना पड़ा है. वहीं, जिम्बाब्वे को अपने पहले मैच में साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 7 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी थी, जिसके बाद टीम ने सीरीज में जीत का खाता खोला है.
विंडहोक स्थित नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 195 रन बनाए. ब्रायन बेनेट ने बेन करन के साथ सलामी जोड़ी के तौर पर 36 गेंदों में 64 रन जुटाए. ब्रायन 21 गेंदों में 6 चौकों के साथ 32 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया. आलम ये रहा कि टीम ने 9.4 ओवरों में 79 के स्कोर तक 5 विकेट खो दिए थे.
यहां से रेयान बर्ल ने ताड़ीवानाशे मारुमानी के साथ छठे विकेट के लिए 22 रन जोड़े. मारुमानी 11 गेंदों में 1 छक्के और 1 चौके के साथ 18 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद बर्ल ने ब्रेड इवांस के साथ सातवें विकेट के लिए 48 गेंदों में 94 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
बर्ल ने 32 गेंदों में 1 छक्के और 7 चौकों के साथ 57 रन बनाए, जबकि इवांस ने 25 गेंदों में 2 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 37 रन की नाबाद पारी खेली. विपक्षी टीम से कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 46 रन देकर 3 विकेट निकाले, जबकि बर्नार्ड शोल्ट्ज, जेजे स्मिट और मैक्स हेइंगो ने 1-1 विकेट चटकाया.
इसके जवाब में नामीबिया की टीम 20वें ओवर की अंतिम गेंद पर 190 रन पर ढेर हो गई. इस टीम ने 28 के स्कोर तक 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद निकोल लॉफ्टी-ईटन ने जान फ्रीलिंक के साथ तीसरे विकेट के लिए 27 गेंदों में 32 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 60 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद विकेटों का पतझड़ लग गया. आलम ये रहा कि 11.1 ओवरों तक टीम ने 76 के स्कोर पर छठा विकेट भी गंवा दिया.
यहां से अलेक्जेंडर वोल्शेंक ने जेन ग्रीन के साथ सातवें विकेट के लिए 49 गेंदों में 109 रन जुटाकर टीम को जीत के बेहद करीब ला दिया था, लेकिन आखिरी ओवर में जिम्बाब्वे ने बाजी पलट दी.
अंतिम ओवर में नामीबिया को जीत के लिए 16 रन की दरकार थी. गेंद ब्रैंड इवांस को सौंपी गई. पहली डिलीवरी ‘नो-बॉल’ रही, जिस पर अलेक्जेंडर ने डबल निकाला. अगली गेंद ‘फ्री हिट’ थी, लेकिन इस पर भी अलेक्जेंडर दो ही रन जुटा सके.
ओवर की दूसरी आधिकारिक डिलीवरी पर अलेक्जेंडर ने सिंगल चुराने की कोशिश की, लेकिन जेन ग्रीन (54) रन आउट हो गए, जिसके बाद तीसरी गेंद पर अलेक्जेंडर ने चौका जड़ा.
टीम को अंतिम 3 गेंदों पर 6 रन की दरकार थी, लेकिन चौथी बॉल पर अलेक्जेंडर (56) कैच आउट हो गए, जिसके बाद अगली गेंद पर बर्नार्ड शोल्ट्ज रन आउट हुए. मुकाबले की अंतिम गेंद पर इवांस ने जैक ब्रासेल को बोल्ड करते हुए जिम्बाब्वे की जीत सुनिश्चित की.
जिम्बाब्वे के लिए ब्रैड इवांस ने 41 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि ब्रायन बेनेट को 2 विकेट हाथ लगे. इनके अलावा, ब्लेसिंग मुजरबानी, सिकंदर रजा और वेलिंगटन मसाकाद्जा ने 1-1 विकेट झटका.
–
आरएसजी
Skip to content