
रांची, 12 नवंबर . Jharkhand के कोयलांचल में कोयला खनन और ढुलाई से जुड़ी कंपनियों पर अपराधियों की बंदूकें लगातार गरज रही हैं. कभी आउटसोर्सिंग कंपनी के दफ्तर पर फायरिंग हो रही है, तो कभी सुरक्षा गार्ड और कोयला कारोबारियों को निशाना बनाया जा रहा है.
पिछले चार महीनों में चतरा, रामगढ़, हजारीबाग और रांची में ऐसी करीब एक दर्जन घटनाएं सामने आई हैं. रंगदारी और वर्चस्व की लड़ाई में औद्योगिक प्रतिष्ठानों को डराने का सिलसिला जारी है. ताजा मामला चतरा के टंडवा थाना क्षेत्र के होन्हे गांव का है. Wednesday देर रात करीब 12:10 बजे बाइक सवार तीन अपराधियों ने एवीएस कोल ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के कार्यालय पर फायरिंग की.
कंपनी की ओर से 10 से 12 राउंड गोलियां चलाए जाने की बात कही गई, जबकि एसपी अनिमेष नैथानी ने शुरुआती जांच में दो से तीन राउंड फायरिंग की पुष्टि की. घटनास्थल से खोखे बरामद हुए हैं. कार्यालय आम्रपाली कोल परियोजना के पीओ कार्यालय और सीआईएसएफ कैंप के पास है.
social media पर राहुल दुबे गैंग के नाम से जारी कथित पत्र में फायरिंग की जिम्मेदारी लेने और कंपनी से जुड़े लोगों को धमकी देने का दावा किया गया है. Police पत्र की प्रामाणिकता की जांच कर रही है. इससे पहले 26-27 अक्टूबर को उरीमारी कोलियरी क्षेत्र में सैनिक आउटसोर्सिंग कंपनी के गेट पर फायरिंग हुई थी. इस हमले में सुरक्षा गार्ड विवेक कुमार ओझा गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
घटनास्थल से सात खोखे और राहुल दुबे गैंग के नाम का पर्चा मिलने की बात सामने आई थी. नवंबर की शुरुआत में हजारीबाग Police ने इस मामले से जुड़े आरोपी अंशु दुबे को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया. अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में रांची के कांके थाना क्षेत्र के प्रेम नगर में कोयला कारोबारी संजय करमाली के आवास पर भी बाइक सवार अपराधियों ने गोलियां चलाई थीं. इससे एक रात पहले हजारीबाग के कोयला कारोबारी अभय द्वारा संचालित एके इंटरनेशनल होटल के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी.
Police ने रांची और हजारीबाग की घटनाओं में शामिल होने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया था. इनमें एक अपराधी Police की जवाबी फायरिंग में घायल हुआ था. 24 अक्टूबर को हजारीबाग के केरेडारी कोयला क्षेत्र में कंपनियों से रंगदारी वसूलने के लिए फायरिंग की साजिश रचने के आरोप में पांच लोगों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था. चतरा में ही 23 अगस्त को टंडवा के उड़सू गांव स्थित चंद्रगुप्त कोल परियोजना में काम कर रही सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय पर चार नकाबपोश अपराधियों ने करीब आठ राउंड फायरिंग की थी. इस घटना की जिम्मेदारी भी राहुल दुबे गैंग के नाम से ली गई थी.
इन घटनाओं में एक समान पैटर्न दिखाई देता है. कंपनियों के दफ्तर, गेट, सुरक्षा कर्मी और कारोबारियों के घर निशाने पर हैं. धमकी भरे पत्रों और social media संदेशों के जरिए फोन पर संपर्क करने, रंगदारी देने और काम जारी रखने के लिए कथित तौर पर दबाव बनाया जा रहा है. हालांकि, हर घटना में गिरोह की भूमिका और रंगदारी की मांग की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
Police की जांच में इन पहलुओं की पड़ताल जारी है. लगातार हो रही गोलीबारी से कोयला खनन और ट्रांसपोर्टिंग के काम से जुड़ी कंपनियों के कर्मचारियों और कारोबारियों में असुरक्षा का माहौल है. सवाल यह है कि कोयला परियोजनाओं के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और Police की निगरानी के बावजूद अपराधी बार-बार फायरिंग कर दहशत फैलाने में कैसे सफल हो रहे हैं.
–
एसएनसी/एएस
Skip to content