झारखंड में एसआईआर के तहत दावा-आपत्ति और आवेदन की समयसीमा 30 सितंबर को होगी खत्म

रांची, 29 सितंबर . Jharkhand में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने पर आपत्ति दर्ज कराने, प्रविष्टियों में सुधार और पता बदलने सहित विभिन्न दावों और आपत्तियों के लिए आवेदन का सिलसिला कल 30 सितंबर को खत्म हो जाएगा.

राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने पात्र नागरिकों से समयसीमा खत्म होने से पहले आवेदन करने की अपील की है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, जिन पात्र नागरिकों का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए ईसीआईनेट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है या संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की सहायता ली जा सकती है.

फॉर्म-7 के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज किसी नाम को लेकर आपत्ति दर्ज कराने या निर्धारित प्रक्रिया के तहत नाम हटाने का अनुरोध किया जा सकता है, जबकि फॉर्म-8 के जरिए मतदाता सूची में दर्ज विवरण में सुधार, पता बदलने या निर्धारित प्रक्रिया के तहत नाम स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि केवल फॉर्म-7 जमा कर देने से किसी मतदाता का नाम अपने आप मतदाता सूची से नहीं हटेगा. ऐसे दावों और आपत्तियों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच और सुनवाई के बाद ही निर्णय लिया जाएगा. उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम दिन का इंतजार न करें. खासकर उन युवाओं और अन्य पात्र नागरिकों को समय रहते आवेदन करने को कहा गया है, जिनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है.

उन्होंने लोगों से अपने परिवार, मित्रों और आसपास के पात्र नागरिकों को भी इस बारे में जानकारी देने की अपील की है. 30 सितंबर के बाद निर्वाचन मशीनरी प्राप्त दावों और आपत्तियों के डिजिटाइजेशन, आवेदनों की जांच, आवश्यकतानुसार नोटिस जारी करने और सुनवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी. इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की दिशा में काम किया जाएगा.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ, बीएलए, मान्यता प्राप्त Political दलों, निर्वाचन पदाधिकारियों और कर्मियों से भी अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को आवेदन की अंतिम तिथि के बारे में जानकारी देने और पात्र नागरिकों को आवेदन में सहयोग करने की अपील की है.

–

एसएनसी/एसके