ज्ञानेश कुमार की कलई खुल चुकी है, ममता बनर्जी ने बनाया क्रांतिकारी माहौल: शत्रुघ्न सिन्हा

आसनसोल, 25 सितंबर . तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर चल रहे विवाद पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने ममता बनर्जी के नेतृत्व में देशभर में एक क्रांतिकारी माहौल बनने का दावा करते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार आज पूरी तरह घिर चुके हैं. सिन्हा ने कहा कि जिस व्यक्ति का नाम इस विवाद में सामने आया है, उसकी कलई खुल चुकी है और वह पूरी तरह बेनकाब हो चुका है.

18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवाओं के लिए फॉर्म-6 के इस्तेमाल को लेकर भी शत्रुघ्न सिन्हा ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि नए मतदाताओं को वोट डालने से पहले अपने माता-पिता, दादा-दादी और पूर्वजों से जुड़े दस्तावेज देने होंगे और यह साबित करना होगा कि उन्होंने कब और कहां मतदान किया था. इस तरह की व्यवस्था को लेकर युवा वर्ग में नाराजगी और आक्रोश है. जेनजी की क्षमता और समझ की तारीफ करते हुए सिन्हा ने कहा कि युवा अब मुद्दों को प्रभावी तरीके से सामने रख रहे हैं.

उन्होंने सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास और उनकी टीम का उल्लेख करते हुए कहा कि ये युवा इतने समझदार हैं कि वे अनुभवी नौकरशाहों को भी प्रस्तुति और मुद्दों को सामने रखने के तरीके में पीछे छोड़ सकते हैं. उन्होंने आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को भी ऐसे युवाओं से सीखने की बात कही.

शत्रुघ्न सिन्हा ने चिराग पासवान के Political व्यवहार की भी प्रशंसा की. उन्होंने उन्हें समझदार और परिपक्व नेता बताते हुए कहा कि चिराग जब भी बयान देते हैं तो अपने शब्दों को सोच-समझकर इस्तेमाल करते हैं और सकारात्मक मुद्दों पर बात करते हैं. चिराग आगे बढ़ते हुए स्वस्थ राजनीति कर रहे हैं और सभी को साथ लेकर चलने की कोशिश करते हैं.

चुनाव आयोग को लेकर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि वह वर्षों तक भाजपा में रहे हैं और पार्टी के लोगों को अच्छी तरह जानते हैं. उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति में भाजपा और चुनाव आयोग एक-दूसरे के पर्याय बन गए हैं और चुनावों से भाजपा को लाभ मिला है. 2024 के बाद हुए चुनाव गैर-कानूनी रहे हैं और चुनावों के बाद लिए गए फैसले भी गैर-कानूनी हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह राहुल गांधी और ममता बनर्जी का मानना है. भाजपा ने चुनाव आयोग का भरपूर लाभ उठाया और खास तौर पर ज्ञानेश कुमार की भूमिका को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं.

शत्रुघ्न सिन्हा ने राहुल गांधी की हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस का भी समर्थन किया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इस मुद्दे को पूरी तरह सामने रखा और तथ्यों को स्पष्ट करने की कोशिश की. राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनकी गिरफ्तारी और पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है. इस मामले में जिन लोगों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं, उनके खिलाफ भी पूरी जांच होनी चाहिए.

शत्रुघ्न सिन्हा ने आगे कहा कि चुनाव आयोग से जुड़े विवाद को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है और इस पूरे मामले में जवाबदेही तथा जांच की मांग की जा रही है.

–

/डीकेपी