जेएसएससी ने इंटरमीडिएट स्तर संयुक्त परीक्षा 2023 रद्द की, लिपिक के 836 पदों पर होनी थी नियुक्ति

रांची, 31 अगस्त . Jharkhand कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने इंटरमीडिएट स्तर (कंप्यूटर ज्ञान एवं कंप्यूटर में हिंदी टंकण अर्हता धारक पद) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को रद्द कर दिया है. नियमित और बैकलॉग दोनों पदों के लिए होने वाली यह परीक्षा अब नहीं होगी. इसके जरिए राज्य के अलग-अलग विभागों में लिपिक के करीब 836 पदों पर नियुक्ति होनी थी.

जेएसएससी ने कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग की ओर से अधियाचना वापस लिए जाने के बाद यह फैसला लिया है. कार्मिक विभाग ने 29 जुलाई 2026 को आयोग को पत्र भेजकर दोनों परीक्षाओं से संबंधित अधियाचनाएं वापस लेने की जानकारी दी थी.

आयोग ने 31 अगस्त को परीक्षा रद्द करने की सूचना जारी की. इस भर्ती के लिए आयोग ने विज्ञापन संख्या 15/2023 और 16/2023 जारी किए थे. दोनों विज्ञापनों के तहत नियमित और बैकलॉग पदों पर नियुक्ति होनी थी. अब इन दोनों विज्ञापनों को भी वापस ले लिया गया है. बताया जा रहा है कि नियमावली में बदलाव के कारण संबंधित विभागों की सहमति से अधियाचनाएं वापस ली गई हैं.

नियमावली में बदलाव के बाद भर्ती प्रक्रिया को नए सिरे से शुरू करने की तैयारी है. इसके लिए संबंधित विभागों से फिर से पदों की अधियाचना मंगाई जाएगी. नई अधियाचना मिलने के बाद जेएसएससी की ओर से नया विज्ञापन जारी किया जाएगा. इसमें पदों की संख्या पहले से अधिक हो सकती है. यानी नई भर्ती में लिपिक के 836 से ज्यादा पद शामिल होने की संभावना है.

हालांकि, नई अधियाचना आने के बाद ही पदों की वास्तविक संख्या साफ होगी. परीक्षा रद्द होने से लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को झटका लगा है. कई अभ्यर्थी परीक्षा की तारीख और आगे की प्रक्रिया का इंतजार कर रहे थे. अब उन्हें नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होने तक इंतजार करना होगा.

एसएनसी/डीकेपी