
चेन्नई, 31 अक्टूबर . साउथ एक्टर जीवा की अपकमिंग फिल्म ‘थगप्पन’ का पहला गाना ‘थंगापुल्ला’ रिलीज हो गया है. डायरेक्टर रा. वेंकट की इस फैमिली एंटरटेनर फिल्म के पहले गाने को काफी पसंद किया जा रहा है. यह एक इमोशनल गाना है, जो पिता और बेटे के बीच प्यार और दूरी के रिश्ते को दिखाता है.
गाने के जरिए फिल्म की कहानी की एक झलक भी देखने को मिलती है, जिसमें एक पिता अपने बेटे के करीब रहना चाहता है, लेकिन उसके सामने अपनी पहचान जाहिर नहीं कर पाता.
जीवा ने अपने एक्स अकाउंट पर गाने का लिंक शेयर करते हुए लिखा, ”कविता, खुशी और हमारी जिंदगी का सबसे खूबसूरत जश्न. ‘थंगापुल्ला’ के साथ प्यार के सबसे शुद्ध रूप को महसूस कीजिए. यह ‘थगप्पन’ का पहला गाना है.”
गाने के बोल पा विजय ने लिखे हैं और इसे मुरुगावेल ने अपनी आवाज दी है. वहीं, इसका म्यूजिक मार्शल रॉबिन्सन ने तैयार किया है.
गाने के वीडियो में जीवा का किरदार अपने बेटे प्रेम के पीछे दूर से चलता नजर आता है. वह चुपचाप अपने बेटे को देखता है और उसे देखकर खुश होता है. गाने के बोल और वीडियो से पता चलता है कि फिल्म में पिता अपने बेटे से बेहद प्यार करता है, लेकिन दोनों के बीच ऐसी दूरी है कि वह बेटे को यह नहीं बता पाता कि वह उसका पिता है.
फिल्म की शूटिंग अगस्त में ही पूरी कर ली गई थी. प्रोडक्शन हाउस लार्क स्टूडियोज ने शूटिंग पूरी होने की जानकारी social media पर शेयर करते हुए लिखा, ”हर फ्रेम में एक एहसास है और हर पल अपने साथ एक याद लेकर आता है. ‘थगप्पन’ की शूटिंग पूरी हो गई है. अब जल्द ही सिनेमाघरों में भावनाओं की कहानी देखने को मिलेगी.”
फिल्म में राजिशा विजयन फीमेल लीड के तौर पर नजर आएंगी. इसके अलावा फिल्म में एम. सुकुमार ने सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी संभाली है, जबकि एडिटिंग नागूरन रामचंद्रन ने की है.
फिल्म इसी साल क्रिसमस के मौके पर 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
–
पीके/एएस
Skip to content