‘जीत अविश्वसनीय, अभी भी यकीन नहीं हो रहा’, यूएस ओपन जीतने के बाद बोलीं एलेना रायबाकिना

न्यूयॉर्क, 13 सितंबर . एलेना रायबाकिना ने यूएस ओपन 2026 महिला एकल का खिताब जीत लिया है. रायबाकिना ने पिछले दो बार की चैंपियन बेलारूस की एरिना सबालेंका को 6-4, 5-7, 6-2 से हराकर अपना पहला यूएस ओपन खिताब जीता. रायबाकिना इस जीत पर विश्वास नहीं कर पा रही हैं.

चैंपियन बनने के बाद रायबाकिना ने कहा, “यह बस अविश्वसनीय है. मुझे अभी भी इस पर यकीन नहीं हो रहा है. मेरा पास शब्द नहीं हैं.”

रायबाकिना ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले पैरों की इंजरी से जूझ रही थीं और सात दिन पहले तक उन्होंने रैकेट छुआ नहीं था. इसके बावजूद टूर्नामेंट में आना और चैंपियन बनना निश्चित रूप से अविश्वसनीय है.

उन्होंने कहा, “किसी तरह, दिन-ब-दिन, हम कोई रास्ता निकालने की कोशिश कर रहे थे, उन सभी चुनौतियों के हिसाब से ढल रहे थे जिनका सामना मैं हर दिन कर रही थी. टूर्नामेंट से सात दिन पहले तक मैं अपने रैकेट को हाथ नहीं लगा रही थी.”

अनिश्चितता के बावजूद, रायबाकिना सिर्फ चार दिन की अभ्यास के बाद खिताब जीतने में कामयाब रहीं.

चैंपियन खिलाड़ी ने कहा, “सिर्फ चार दिन का अभ्यास, खुद पर बहुत भरोसा और टीम के साथ रणनीति के बारे में लगातार बात करना, कि मैं कनाडा में कैसे खेली, सिनसिनाटी में कैसे खेली. मेरा मतलब है, बस बहुत सी चीजें हैं. सब कुछ मेरे हिसाब से हुआ. मैं हैरान हूं.”

रायबाकिना ने इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में सबालेंका को हराया था और न्यूयॉर्क में अपनी विरोधी को फिर से हराकर एक यादगार ग्रैंड स्लैम सीज़न पूरा किया था.

उन्होंने कहा, “मुझे इस टूर्नामेंट में आने से पहले ऐसी किसी चीज की उम्मीद नहीं थी. चोट की वजह से मुझे थोड़ी परेशानी महसूस हो रही थी, लेकिन किसी तरह सब कुछ मेरे हिसाब से हो गया.”

जीत के बावजूद रायबाकिना ने अपनी विपक्षी और पूर्व चैंपियन सबालेंका की तारीफ की.

उन्होंने कहा, “एरीना, तुम एक शानदार चैंपियन हो. तुम्हारे खिलाफ खेलना बहुत मुश्किल है. मैं तुम्हारे खिलाफ कोर्ट पर मर रही थी. मैं बस जितनी हो सके उतनी बॉल्स लेने की कोशिश कर रही थी.”

कजाख खिलाड़ी ने कहा, “मैच में सब कुछ ठीक चल रहा था. मुश्किल पलों में मैं खुद को जितना हो सके उतना पुश करने की कोशिश कर रही थी. कोर्ट पर मैं बेसिकली इन सभी बॉल्स पर डाइव लगा रही थी. मुझे अपने पैर की परवाह नहीं थी.”

यूएस ओपन 2026 एलेना रायबाकिना का तीसरा मेजर ग्रैंड स्लैम खिताब है. वह ऑस्ट्रेलियन ओपन और विंबलडन जीत चुकी हैं. उन्हें अब फ्रेंच ओपन खिताब का इंतजार है.

पीएके