जाली करेंसी के साथ चार आरोपी गिरफ्तार, 1.84 लाख रुपए के नकली नोट बरामद

ग्रेटर नोएडा, 16 अक्टूबर . गौतमबुद्धनगर के थाना नॉलेज पार्क की Police ने जाली भारतीय करेंसी के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. Police ने आरोपियों के कब्जे से 200-200 रुपए के कुल 920 जाली नोट बरामद किए हैं, जिनकी कुल अंकित कीमत 1 लाख 84 हजार रुपए है. इसके अलावा अपराध से संबंधित 1,000 रुपए नकद और घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की गई है.

Police के मुताबिक, आरोपी आम लोगों को तीन गुना रकम देने का लालच देकर नकली नोटों के बदले असली रुपए हासिल करते थे और इससे होने वाले अवैध लाभ को आपस में बांट लेते थे. Police के अनुसार, 16 अक्टूबर को थाना नॉलेज पार्क की टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को ग्राम कोंडली पुस्ता के पास से गिरफ्तार किया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान अर्जुन सिंह, शशांक गुप्ता, शान्तनु सिंह और वैभव शुक्ला के रूप में हुई है.

Police ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. Police की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अर्जुन सिंह वर्ष 2024 में अयोध्या की जेल में कुबेर सिंह नाम के व्यक्ति के साथ बंद था. इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई और कथित तौर पर जाली करेंसी का कारोबार करने की योजना बनाई गई.

Police के मुताबिक, इस योजना के तहत कुबेर सिंह, अर्जुन सिंह, शशांक गुप्ता और शान्तनु सिंह जाली करेंसी तैयार करने के काम में शामिल थे. आरोप है कि अर्जुन सिंह अपने साथी शशांक गुप्ता, शान्तनु सिंह और वैभव शुक्ला के साथ मिलकर लोगों को तीन गुना रकम मिलने का झांसा देता था. इसके बदले लोगों से असली रुपए लेकर उन्हें नकली नोट दिए जाते थे. इस तरह हासिल की गई रकम को आरोपी आपस में बांट लेते थे. Police अब इस मामले में जाली नोट तैयार करने के स्रोत और अन्य संभावित सहयोगियों के संबंध में भी जांच कर सकती है.

Police द्वारा गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के निवासी हैं. उनकी उम्र लगभग 19 से 22 वर्ष के बीच है. अर्जुन सिंह (22 वर्ष): पुत्र धार्ज सिंह, निवासी ग्राम ग्वाडिया, थाना कोतवाली नगर, सुलतानपुर. शैक्षिक योग्यता आठवीं पास बताई गई है. शशांक गुप्ता (19 वर्ष): पुत्र सुनील गुप्ता, निवासी ग्राम हैदरगंज, थाना कोतवाली, अयोध्या. बीकॉम अंतिम वर्ष का छात्र है. शान्तनु सिंह (19 वर्ष): पुत्र रामसिंह, निवासी ग्राम हरियरपुर, थाना कमलपुर, जिला सीतापुर. बीए-एलएलबी द्वितीय वर्ष में अध्ययनरत है.

वैभव शुक्ला (लगभग 19 वर्ष): पुत्र अजय कुमार शुक्ला, निवासी ग्राम टंडौली, थाना महाराजगंज, अयोध्या. बीसीए अंतिम वर्ष का छात्र है. Police द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, अर्जुन सिंह के खिलाफ अयोध्या के थाना कैंट में मुकदमा दर्ज है.

वहीं, शशांक गुप्ता, शान्तनु सिंह और वैभव शुक्ला का नाम थाना कैंट, अयोध्या में दर्ज मुकदमा दर्ज है. Police की इस कार्रवाई से जाली करेंसी के कथित कारोबार का मामला सामने आया है. बरामद नोटों की संख्या और उनकी कुल अंकित कीमत के आधार पर मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है.

–

पीकेटी/डीकेपी