
New Delhi, 1 नवंबर . आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में खुद को स्वस्थ रखने के लिए लोग योग का सहारा ले रहे हैं. सुबह उठकर योग मैट बिछाना, अलग-अलग आसन करना और प्राणायाम के जरिए सांसों को नियंत्रित करना कई लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि योग का मतलब सिर्फ शरीर को लचीला बनाना या कुछ शारीरिक मुद्राएं करना नहीं है? योग इससे कहीं ज्यादा व्यापक है. यह शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने के साथ-साथ बेहतर जीवन जीने का तरीका भी सिखाता है.
अक्सर लोग योग को केवल आसन और प्राणायाम तक सीमित समझते हैं, जबकि इसकी परंपरा में कई दूसरे महत्वपूर्ण अभ्यास भी शामिल हैं. योग के आठ अंगों में यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधि आते हैं. ये सभी एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और व्यक्ति के संपूर्ण विकास में मदद करते हैं.
यम और नियम हमें अनुशासन, संयम, ईमानदारी और अच्छी आदतों के साथ जीवन जीना सिखाते हैं. आसन शरीर को सक्रिय और लचीला बनाए रखने में मदद करते हैं, जबकि प्राणायाम सांसों पर नियंत्रण और मानसिक शांति का अभ्यास है. वहीं, प्रत्याहार का मतलब अपनी इंद्रियों को बाहरी आकर्षण से हटाकर भीतर की ओर केंद्रित करना है.
योग में धारणा और ध्यान का भी खास महत्व है. धारणा के जरिए मन को किसी एक चीज या विचार पर केंद्रित करने का अभ्यास किया जाता है. इसके बाद ध्यान व्यक्ति को मानसिक शांति और आत्मचिंतन की ओर ले जाता है. योग का अंतिम अंग समाधि है, जिसे आत्मिक एकाग्रता और चेतना की उच्च अवस्था माना जाता है.
योग की दुनिया यहीं खत्म नहीं होती. इसमें षट्कर्म, मुद्रा, बंध और मंत्र-जप जैसे अभ्यास भी शामिल हैं. षट्कर्म शरीर की शुद्धि से जुड़ी पारंपरिक क्रियाएं हैं. मुद्रा और बंध के जरिए शरीर की ऊर्जा और एकाग्रता पर काम किया जाता है. वहीं, मंत्र-जप मन को शांत करने और सकारात्मक भाव बनाए रखने का एक तरीका है.
इसमें खानपान और जीवनशैली का भी अहम स्थान है. संतुलित, पौष्टिक और उचित मात्रा में भोजन करना शरीर और मन के संतुलन के लिए जरूरी है.
इसलिए योग करते समय केवल आसनों पर ध्यान देने के बजाय इसके सभी पहलुओं को समझना चाहिए. जब योग को जागरूकता, अनुशासन और सही जीवनशैली के साथ अपनाया जाता है, तभी इसका वास्तविक लाभ मिलता है.
–
पीआईएम/एएस
Skip to content