
बीजिंग, 9 अक्टूबर . चीनी उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 2026 के पहले आठ महीनों में चीन के सॉफ्टवेयर और सूचना प्रौद्योगिकी सेवा उद्योग ने स्थिर वृद्धि दर्ज की. इस दौरान सॉफ्टवेयर कारोबार का राजस्व लगातार बढ़ा, जबकि निर्यात में भी तेज वृद्धि देखने को मिली.
आंकड़ों के अनुसार, इस साल जनवरी से अगस्त तक चीन के सॉफ्टवेयर कारोबार का राजस्व 100 खरब युआन से अधिक रहा, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 8.8 प्रतिशत ज्यादा है. वहीं, सॉफ्टवेयर उद्योग के कुल लाभ में 1.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई. इस दौरान सॉफ्टवेयर कारोबार का निर्यात 45.99 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया, जो साल-दर-साल 12.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है.
क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो सॉफ्टवेयर उत्पादों के राजस्व में भी स्थिर वृद्धि दर्ज की गई. पहले आठ महीनों में इस क्षेत्र का राजस्व पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 6 प्रतिशत बढ़ा. सॉफ्टवेयर उत्पादों की हिस्सेदारी उद्योग के कुल राजस्व में 21.5 प्रतिशत रही.
वहीं, सूचना प्रौद्योगिकी सेवाएं उद्योग की वृद्धि का प्रमुख आधार बनी रहीं. जनवरी से अगस्त के दौरान इन सेवाओं का राजस्व उद्योग के कुल राजस्व का 68.7 प्रतिशत रहा. इनमें क्लाउड कंप्यूटिंग और बिग डेटा सेवाओं का प्रदर्शन भी बेहतर रहा. इन सेवाओं का कुल राजस्व पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 11.1 प्रतिशत बढ़ा और सूचना प्रौद्योगिकी सेवा क्षेत्र के कुल राजस्व में इनकी हिस्सेदारी 17.3 प्रतिशत रही.
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–
एबीएम/
Skip to content