
New Delhi, 12 अक्टूबर . गृह मंत्रालय ने जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन के लिए तय जगह की सूची से हटा दिया है और विरोध-प्रदर्शन के लिए तीन नई जगहें तय की हैं रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली में सीबीडी मैदान. इस फैसले पर इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने कहा कि इससे साफ है कि वे घबराए हुए हैं.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि पार्टी जो तय करेगी, वही होगा. कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि ये दिखाता है कि वे घबराए हुए हैं. यह लोगों की आवाज को दबाना चाहते हैं लेकिन प्रजातंत्र में लोगों की आवाज कभी नहीं दबती है. हमारा आंदोलन जारी रहेगा. वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन के लिए तय जगह की सूची से हटाने पर कहा कि अब हिमालय की चोटी पर विरोध-प्रदर्शन करेंगे.
वहीं, सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि विरोध-प्रदर्शन के लिए तय वह जगह, जो इतने सालों से विरोध का एक ऐतिहासिक केंद्र रही है- आपने उस तय जगह को ही बंद कर दिया है. तो अब देश का हर शहर, हर कोना जंतर-मंतर बन जाएगा. जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, हम पीछे नहीं हटेंगे. नहीं, तो अब विरोध-प्रदर्शन के लिए माउंट एवरेस्ट पर जगह दे दीजिए.
कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि हम लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ रहे हैं. राहुल गांधी ने साफ कहा है कि यह लोकतंत्र की रक्षा करने और चुनावी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की लड़ाई है. इस लड़ाई में, हम हर चौराहे पर जाएंगे और हर उस स्तंभ तक जाएंगे जिससे लोकतंत्र जाना-पहचाना जाता है; उसी मे से एक स्तंभ उच्चतम न्यायालय भी है.
बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने ही सबसे पहले एसआईआर के खिलाफ लड़ाई शुरू की थी. इसकी शुरुआत बिहार से ही हुई थी. अब सच सामने आ गया है कि उन्होंने कैसे वोटों की चोरी की और चुनावों में धांधली की. लोकतंत्र को कुचला जा रहा है और जब लोकतंत्र पर लगातार हमले हो रहे हों और उसे कुचला जा रहा हो, तो हम चुप कैसे रह सकते हैं? चुनाव निष्पक्ष होने चाहिए, लोकतंत्र और हमारे संविधान की रक्षा होनी चाहिए, इसके लिए हम कोई भी कुर्बानी देने को तैयार हैं.
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि हम सीजेआई की कही बातों के अनुसार आगे बढ़ेंगे और याचिका दायर करेंगे. हमें कोर्ट पर भरोसा है. कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन तो लंबे समय से चल रहा है. यह आज शुरू नहीं हुआ है. यह अभियान उस दिन से चल रहा है जब राहुल गांधी ने पहली बार इंदिरा गांधी भवन में एसआईआर का मुद्दा उठाया था और तथ्यों के साथ यह साबित किया था कि यह पूरी तरह से धोखाधड़ी वाला, गलत और गुमराह करने वाला प्रोसेस था. जिस व्यक्ति ने देश को जगाने की बात कही थी, वे इसमें सफल रहे हैं. आज आप देख सकते हैं कि पूरा देश जाग चुका है. कभी छात्र आगे आते हैं, कभी दूसरे संगठन जुड़ते हैं और कभी Political पार्टियां इसमें शामिल होती हैं. यह आंदोलन जारी रहेगा.
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि भाजपा डरी हुई है. वे जानते हैं कि सत्ता उनके पास ज्यादा समय तक नहीं रहेगी. कांग्रेस नेता एस. सैदुज़्ज़मान ने इंडिया ब्लॉक के Supreme Court तक मार्च करने की योजना पर कहा कि आज ये चुनावों में जो ज्यादती हो रही है, निष्पक्ष नहीं हो रही है और एकतरफा वो भाजपा के प्रभाव में आकर ज्यादती कर रहे हैं. चुनावों में धांधली हुई है, गलत वोट काटे गए हैं और बैलेट पेपर और ईवीएम भी उनके नियंत्रण में हैं.
–
डीकेएम/पीएम
Skip to content