छह साल के बच्चे का अपहरण कर दो लाख रुपए में बेचा, दो महिला समेत सात आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा, 17 अक्टूबर . ग्रेटर नोएडा में छह साल के मासूम बच्चे का अपहरण कर उसे दो लाख रुपए में बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. कासना थाने की Police ने मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों और दो महिलाओं समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है. Police के मुताबिक, अपहरण की साजिश में शामिल आरोपियों ने बच्चे को दिल्ली की रहने वाली कमलेश नाम की महिला को दो लाख रुपए में बेच दिया था.

Police ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है. आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई कार, मोटरसाइकिल, नकदी और तीन अवैध तमंचे भी बरामद किए गए हैं. Police मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए.

Police के अनुसार, 14 अक्टूबर को थाना कासना में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका करीब छह साल का बेटा 13 अक्टूबर को घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था. काफी तलाश करने के बाद भी बच्चे का कोई पता नहीं चल सका. शिकायत के आधार पर Police ने मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी.

Police के मुताबिक, 17 अक्टूबर को थाना कासना Police को गोपनीय सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध ग्राम डाढ़ा के पास बच्चा चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं. सूचना के आधार पर Police टीम ने डाढ़ा गोलचक्कर के पास चेकिंग शुरू की. इसी दौरान सामने से आ रही एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार Police को देखकर भागने लगे. Police टीम ने कार का पीछा किया तो वाहन पेड़ से टकराकर रुक गया. इसके बाद कार में सवार बदमाशों ने Police टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया.

Police की जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए. उनकी पहचान गुरमीत सिंह, सुमित कुमार और अंकित कुमार के रूप में हुई. Police ने इनके कब्जे से तीन अवैध तमंचे, तीन खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, नकदी और घटना में इस्तेमाल की गई औरा कार बरामद की. इसके बाद Police ने आरोपियों की निशानदेही पर विकास और नकुल को डाढ़ा गोलचक्कर से गिरफ्तार किया. इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और नकदी बरामद हुई.

वहीं, कासना के छह प्रतिशत क्षेत्र से पुष्पा और दिल्ली निवासी कमलेश को गिरफ्तार किया गया. इनके कब्जे से अपहृत बच्चा बरामद हुआ. पूछताछ में आरोपी अंकित ने Police को बताया कि उसने अपने साथी नकुल के साथ मिलकर काशीराम अस्पताल के सामने से बच्चे का अपहरण किया था. इसके बाद वे अपने अन्य साथियों गुरमीत, सुमित और विकास के साथ बच्चे को औरा कार से गाजियाबाद ले गए थे.

Police के मुताबिक, आरोपी सुमित ने पूछताछ में बताया कि उसकी मामी पुष्पा ने उसे दिल्ली निवासी कमलेश के बारे में जानकारी दी थी. कमलेश एक नाबालिग बच्चे को खरीदने के बदले रुपए देने के लिए तैयार थी. इसके बाद सुमित ने अपने दोस्तों अंकित, नकुल और टैक्सी चालक गुरमीत के साथ मिलकर अपहरण की योजना बनाई. आरोप है कि योजना के तहत 13 अक्टूबर की शाम बच्चे को अगवा कर बेच दिया गया. आरोपियों को बच्चे के बदले कुल दो लाख रुपए मिले थे, जबकि ढाई लाख रुपये और बाद में दिए जाने थे.

इस तरह बच्चे को बेचने के लिए कुल साढ़े चार लाख रुपए की बात सामने आई है. Police इस मामले में आरोपियों की भूमिका और रुपए के लेनदेन की जांच कर रही है. Police ने बताया कि गुरमीत, अंकित और सुमित के हिस्से के डेढ़ लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं. नकुल और विकास के पास से 20-20 हजार रुपए तथा पुष्पा के कब्जे से 32,800 रुपए बरामद हुए हैं.

इसके अलावा, वारदात में इस्तेमाल की गई औरा कार, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और तीन अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं. इस मामले में थाना कासना में मुकदमा दर्ज किया गया है. वहीं, गुरमीत, अंकित और सुमित के खिलाफ थाना सिकंदराबाद, बुलंदशहर में मुकदमा और आर्म्स एक्ट की धारा में भी मामला दर्ज है. गिरफ्तार आरोपियों में गुरमीत सिंह, सुमित कुमार, अंकित कुमार, विकास और नकुल के अलावा पुष्पा और कमलेश शामिल हैं.

–

पीकेटी/डीकेपी