
छतरपुर, 9 अक्टूबर . Madhya Pradesh के छतरपुर जिले के बमिठा थाना क्षेत्र में Thursday देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट में काम कर रहे मजदूरों को लेकर जा रही एक बस का ब्रेक फेल होने से धोधान बांध के पास अफरा-तफरी मच गई. जान बचाने के लिए कई मजदूर चलती बस से कूद गए, जिससे एक मजदूर की मौत हो गई और करीब 15 लोग घायल हो गए. सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
यह हादसा तब हुआ जब मजदूर शाम 7:30 बजे अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे. घायल मजदूर रमेश कुमार ने को बताया, “हम लोग छुट्टी होने के बाद रोड पर आए, बस खड़ी थी और हम उस पर बैठ गए. बस थोड़ी आगे जाकर ढलान पर रुकी, वहां और लोग चढ़ रहे थे, तभी अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया.”
रमेश के अनुसार बस में 40 से 45 लोग सवार थे. ब्रेक फेल होते ही बस की रफ्तार तेज होने लगी. ड्राइवर ने चिल्लाकर बताया कि ब्रेक फेल हो गया है. सामने सीधा रास्ता और एक तरफ नदी होने के कारण सभी डर गए कि बस नदी में न चली जाए. इसके बाद बचने के लिए मजदूर चलती बस से कूदने लगे.
एक अन्य घायल मजदूर कृष्णा सिंह ने कहा, “हम ड्यूटी खत्म होने के बाद बस का इंतजार कर रहे थे. बस ढलान पर खड़ी थी, हम बैठ गए. स्टार्ट करते ही ड्राइवर ने कहा कि ब्रेक फेल हो गया. हड़बड़ी में वह गाड़ी चलाता रहा और हम अपनी जान बचाने के लिए कूद गए.”
कृष्णा सिंह ने बताया कि बस पलटी नहीं, बल्कि मजदूरों ने खुद ही कूदकर जान बचाई. उन्होंने कहा, “20-25 लोग बस से कूद गए. कूदने से कई लोगों का सिर फट गया और किसी का पैर टूट गया. जो ज्यादा गंभीर थे, उन्हें एंबुलेंस से ले जाया गया. हमारे साथ काम करने वाले एक साथी की मौत हो गई. फिलहाल बस सुरक्षित है.”
इस पूरे मामले पर जिला अस्पताल के डॉक्टर रोशन द्विवेदी ने जानकारी दी. उन्होंने कहा, “कल रात 9 से 10 बजे के बीच हमें सूचना मिली थी कि मजदूरों की बस का एक्सीडेंट हुआ है. 10 से 15 लोग हमारे पास लाए गए थे. सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया. इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई.”
डॉ. द्विवेदी ने बताया कि कुल 15 मजदूर अस्पताल में भर्ती किए गए थे, जिनमें से एक की मौत के बाद अब 14 लोगों का इलाज जारी है और सभी की हालत फिलहाल स्थिर है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस हादसे में सभी घायल पुरुष हैं, कोई महिला शामिल नहीं है.
–
पीआईएम/एबीएम
Skip to content